अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समझौते का पाठ जारी करते हुए बताया कि इसमें युद्धविराम, होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही, आर्थिक प्रतिबंधों में राहत और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भविष्य की वार्ता से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर विशेष प्रावधान
समझौते के अनुसार ईरान फारस की खाड़ी और ओमान सागर के बीच वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा। दस्तावेज में उल्लेख है कि यह व्यवस्था प्रारंभिक रूप से 60 दिनों के लिए लागू रहेगी। समुद्री माइंस और अन्य तकनीकी बाधाओं को हटाने की प्रक्रिया पूरी करते हुए ईरान 30 दिनों के भीतर पूर्ण संचालन बहाल करेगा।
समझौते की प्रमुख शर्तें
1. स्थायी युद्धविराम
अमेरिका, ईरान और उनके सहयोगी सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तुरंत और स्थायी रूप से समाप्त करेंगे। दोनों देश एक-दूसरे के खिलाफ युद्ध या बल प्रयोग की धमकी नहीं देंगे।
2. संप्रभुता का सम्मान
दोनों पक्ष एक-दूसरे की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का सम्मान करेंगे तथा आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करेंगे।
3. 60 दिनों में अंतिम समझौते का प्रयास
दोनों देश अधिकतम 60 दिनों के भीतर अंतिम और व्यापक समझौते पर बातचीत करेंगे।
4. अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी समाप्त होगी
अमेरिका ईरान के खिलाफ नौसैनिक प्रतिबंध हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा और 30 दिनों के भीतर इसे पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखेगा।
5. क्षेत्र से सैनिकों की वापसी
समझौते के अनुसार अमेरिका ईरान के आसपास तैनात अतिरिक्त सैन्य बलों को 30 दिनों के भीतर वापस बुलाएगा।
6. 300 अरब डॉलर के विकास पैकेज का प्रस्ताव
अमेरिका अपने क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर ईरान के पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास के लिए कम से कम 300 अरब डॉलर की योजना तैयार करने पर सहमत हुआ है।
7. प्रतिबंधों में राहत
अंतिम समझौते के तहत ईरान पर लगाए गए विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने का प्रावधान रखा गया है।
8. परमाणु हथियार नहीं बनाने का आश्वासन
ईरान ने दोहराया है कि वह परमाणु हथियार न तो बनाएगा और न ही खरीदेगा। संवर्धित यूरेनियम के निपटान पर दोनों देश अलग व्यवस्था तय करेंगे।
9. यथास्थिति बनाए रखने पर सहमति
अंतिम समझौते तक ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति बनाए रखेगा और अमेरिका नए प्रतिबंध नहीं लगाएगा।
10. तेल निर्यात में छूट
अमेरिका ईरानी तेल और संबंधित वित्तीय लेन-देन के लिए आवश्यक छूट जारी करेगा।
11. फ्रीज फंड जारी होंगे
ईरान की विदेशों में जमी संपत्तियों और फंड को चरणबद्ध तरीके से उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
12. निगरानी तंत्र बनेगा
समझौते के क्रियान्वयन और भविष्य में उसके पालन की निगरानी के लिए एक संयुक्त तंत्र स्थापित किया जाएगा।
13. अंतिम समझौते पर वार्ता
प्रारंभिक प्रावधानों के लागू होने के बाद व्यापक और अंतिम समझौते पर औपचारिक वार्ता शुरू होगी।
14. संयुक्त राष्ट्र की मंजूरी
अंतिम समझौते को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के बाध्यकारी प्रस्ताव के माध्यम से मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कई सवाल अभी भी बाकी
हालांकि दस्तावेज जारी होने के बाद समझौते की कई शर्तें स्पष्ट हुई हैं, लेकिन कुछ मुद्दों पर अभी भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य की 60 दिन की व्यवस्था और प्रतिबंध हटाने की प्रक्रिया को लेकर आगे की वार्ताओं पर नजर रहेगी।