द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के बीच पूर्व कानून मंत्री और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने निर्वाचन आयोग (ECI) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आयोग पर मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित करने का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े कर दिए।
कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “निर्वाचन आयोग (पश्चिम बंगाल चुनाव) मताधिकार छीनने का एक प्रयोग है।” उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें “पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए।” सिब्बल ने सवाल उठाया, “जब मताधिकार ही छीना जा रहा है, तो चुनाव कराए ही क्यों जा रहे हैं?”
सिब्बल के बयान ने चुनावी माहौल में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। इससे पहले भी उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि वे पश्चिम बंगाल चुनाव में एक विशेष राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने इसे “राष्ट्रीय शर्म” तक करार दिया।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में गुरुवार को पहले चरण का मतदान जारी है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें उत्तर बंगाल के आठ जिलों की 54 सीटों के अलावा मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली की कई सीटें शामिल हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
इस चुनाव में जहां राजनीतिक मुकाबला काफी ध्रुवीकृत नजर आ रहा है, वहीं मतदाता सूची, नागरिकता और नाम हटाए जाने जैसे मुद्दे भी बहस के केंद्र में हैं। इन मुद्दों को लेकर विभिन्न दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
सिब्बल ने चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों की भारी तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए और केंद्र सरकार व निर्वाचन आयोग की भूमिका की आलोचना की। उनके बयान से साफ है कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विवाद और गहरा सकता है।
फिलहाल, निर्वाचन आयोग की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन चुनाव के बीच इस तरह के आरोपों ने सियासी माहौल को और गर्मा दिया है।
इसे भी पढ़ें : रूसी एंकर की आपत्तिजनक टिप्पणी पर इटली सख्त, राजदूत को किया तलब
➤ You May Also Like



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































