शादी की खुशियां मातम में बदलीं, नाच कार्यक्रम के दौरान हुई वारदात
द देवरिया न्यूज़ | देवरिया/गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई सनसनीखेज वारदात ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। गुरुवार देर रात आयोजित नाच-ड्रामा कार्यक्रम के दौरान देवरिया जिले के रहने वाले डांसर सोनू गोंड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की और विरोध करने पर पेट में गोली दाग दी। गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
शादी समारोह में प्रस्तुति देने पहुंची थी रामायण यादव नाच ड्रामा पार्टी
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित पटोहवा गांव निवासी महेंद्र कुशवाहा के घर बेटी की शादी का समारोह चल रहा था। बारात उत्तर प्रदेश से आई थी और मेहमानों के मनोरंजन के लिए देवरिया की चर्चित रामायण यादव नाच ड्रामा पार्टी को आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम में देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुआ पाटन गांव निवासी सोनू गोंड (32 वर्ष) डांसर के रूप में प्रस्तुति दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम देर रात तक शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था और सोनू कई प्रस्तुतियां दे चुके थे।
प्रस्तुति के बाद टेंट में आराम कर रहा था सोनू
बताया जा रहा है कि लगातार कार्यक्रम देने के बाद सोनू मंच के पीछे बने टेंट में आराम करने चला गया। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और उससे बातचीत करने लगे। आरोप है कि कुछ ही देर में युवकों ने सोनू को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास शुरू कर दिया। सोनू ने उनके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
विरोध करने पर पेट में मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों और नाच पार्टी से जुड़े लोगों के मुताबिक, जब सोनू ने युवकों का विरोध किया तो उनमें से एक ने पिस्टल निकाल ली और उसके पेट में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही सोनू जमीन पर गिर पड़ा और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसों की डोर
घटना के तुरंत बाद साथी कलाकारों और स्थानीय लोगों ने घायल सोनू को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और साथी कलाकारों में शोक की लहर दौड़ गई।
सात वर्षों से नाच पार्टियों में कर रहा था काम
नाच ड्रामा पार्टी के संचालक रामायण यादव ने बताया कि सोनू वर्ष 2020 से उनकी पार्टी के साथ जुड़ा हुआ था और इससे पहले भी विभिन्न नाच पार्टियों में काम कर चुका था। पिछले करीब सात वर्षों से वह डांसर के रूप में अपनी आजीविका चला रहा था।
रामायण यादव के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने पहले अपनी पसंद के गाने और ड्रामा की मांग की थी। उनकी मांग पूरी भी की गई, लेकिन बाद में उन्होंने सोनू को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे गोली मार दी गई।
परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था सोनू
सोनू गोंड के निधन से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता के निधन के बाद वह घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में तीन छोटे बच्चे और एक छोटा भाई हैं, जिनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
गांव के लोगों का कहना है कि सोनू मेहनत-मजदूरी और नाच कार्यक्रमों के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है।
कलाकारों और ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद नाच पार्टी से जुड़े कलाकारों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही, शादी समारोहों और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

डांस पार्टी के अन्य सदस्य
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, आरोपियों की तलाश जारी
कटेया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोहर्रम को लेकर देवरिया प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































1 thought on “देवरिया के चर्चित रामायण यादव डांस ड्रामा पार्टी के डांसर की बिहार में कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या”