द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर बेवजह आरोप लगाकर देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के बड़े नेताओं को सार्वजनिक रूप से अपमानित करें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी चाहते हैं कि प्रधानमंत्री सुबह अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को, दोपहर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को और शाम को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को गाली दें।
दुबे ने आगे कहा कि अगर ऐसा होता है और इन देशों के साथ भारत के संबंध बिगड़ते हैं, तो राहुल गांधी को इससे संतोष मिलेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत को कमजोर करने की एक अंतरराष्ट्रीय साजिश चल रही है और राहुल गांधी उस एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
बीजेपी सांसद ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा है कि देश को तोड़ने की साजिश हो रही है और राहुल गांधी उसमें शामिल हैं। उन्होंने विपक्ष को “अनुशासनहीन और गैर-जिम्मेदार” बताते हुए कहा कि देश ने ऐसा विपक्ष पहले कभी नहीं देखा।
निशिकांत दुबे ने मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष और उससे पैदा हुई वैश्विक आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध के कारण कई देशों की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है। उनके अनुसार पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे कई पड़ोसी देशों में आर्थिक हालात बिगड़ गए हैं और वहां बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट और कारोबार बंद हो गए हैं।
दुबे ने कहा कि इन कठिन परिस्थितियों में भारत की स्थिति कई देशों से बेहतर है और ऐसे समय में विपक्ष को सरकार का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का साथ देने के बजाय विपक्ष लगातार आलोचना और राजनीति करने में लगा हुआ है। बीजेपी सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बयानबाजी तेज हो गई है और इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है।
इसे भी पढ़ें : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
➤ You May Also Like



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































