द देवरिया न्यूज़,देवरिया : देवरिया जिले के बरियारपुर चौराहे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बरियारपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 9 स्थित दलपिठनी निवासी पीयूष (10), पुत्र धर्मेंद्र शर्मा, शुक्रवार रात करीब 8 बजे अपने घर के सामने सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार से आ रही पल्सर बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीयूष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग व राहगीर घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल बच्चे को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चालक तेज रफ्तार में था और संतुलन खोने के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 400 पार, महंगाई से हाहाकार—सरकार ने बढ़ाई सब्सिडी
➤ You May Also Like



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































