द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर बड़ी राजनीतिक हलचल का दावा सामने आया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्होंने और राज्यसभा में पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का निर्णय लिया है।
राघव चड्ढा ने संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह फैसला संविधान के प्रावधानों के तहत लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए गए हैं।
चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “जिस पार्टी को मैंने 15 साल दिए, वह अब अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों से भटक गई है। अब यह देशहित के बजाय निजी हितों के लिए काम कर रही है।” उन्होंने आगे कहा कि वह अब “जनता के करीब जाने” का निर्णय ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कई महत्वपूर्ण और मजबूत फैसले लिए हैं, जिनका देश को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि वह आगे भाजपा के साथ मिलकर देश के लिए काम करना चाहते हैं।
राघव चड्ढा ने यह भी कहा कि पिछले कुछ समय से उन्हें महसूस हो रहा था कि वह “गलत पार्टी में सही व्यक्ति” हैं, जिसके चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जिन नेताओं के समर्थन का दावा किया, उनमें संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में AAP के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं।
वहीं, संदीप पाठक ने भी AAP से अलग होने की घोषणा करते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन आएगा, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में यह फैसला लेना पड़ा। मेरा उद्देश्य हमेशा देश के लिए काम करना रहा है।”
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह दावा सही साबित होता है, तो यह AAP के लिए बड़ा झटका हो सकता है और राष्ट्रीय राजनीति में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : किसान की बेटी साक्षी राय बनीं जिले की टॉपर, 96.50% अंकों से रचा इतिहास
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































