द देवरिया न्यूज़,देवरिया/तरकुलवा : जन्माष्टमी मेले को लेकर सड़क की पटरी खाली कराने पहुंची नगर पंचायत टीम के एक अनुसूचित जाति के श्रमिक के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। तरकुलवा थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद और चार अज्ञात कारोबारियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेले को लेकर पटरी खाली कराने पहुंची थी टीम
नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच पंडित दीनदयाल नगर निवासी मार्कंडेय कुमार गोंड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे वह अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ मुख्य सड़क और थाना रोड पर पहुंचे थे। जन्माष्टमी मेले को देखते हुए टीम दुकानदारों से सड़क की पटरी और सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील कर रही थी।
वीडियो बनाने पर दुकान में ले जाने का आरोप
मार्कंडेय कुमार का आरोप है कि इसी दौरान कुछ कारोबारियों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के मुताबिक, अधिकारियों के निर्देश पर जब वह मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाने लगे तो कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि उन्हें जबरन एक दुकान के अंदर ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। घटना में उन्हें चोटें आईं।
सात नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मार्कंडेय कुमार की तहरीर के आधार पर तरकुलवा पुलिस ने महेश, पप्पू, खजांची, राहुल, अभिषेक जायसवाल, नीरज और रवि समेत सात लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा चार अज्ञात कारोबारियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुकदमे में एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए घटनास्थल, उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : मझौलीराज में बोले कृषि मंत्री शाही- डबल इंजन सरकार ने देवरिया में कराए 12 हजार करोड़ के विकास कार्य
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































