Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

लाल सागर में फिर बढ़ा तनाव, हूती विद्रोहियों ने जहाजों पर हमले की दी धमकी

Published on: January 27, 2026
Tension increased again in the Red Sea

द देवरिया न्यूज़,सना। यमन के हूती विद्रोहियों ने रेड सी कॉरिडोर (लाल सागर) से गुजरने वाले जहाजों पर एक बार फिर हमले शुरू करने की धमकी दी है। यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब ईरान के नजदीक अमेरिकी नौसैनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अमेरिका की ओर से ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए जा रहे हैं। हूती विद्रोहियों को लंबे समय से ईरान का समर्थन प्राप्त है और वे अमेरिका व इजरायल को अपना दुश्मन मानते हैं।

सोमवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, एक अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर और उसके साथ गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर ईरान के पड़ोसी क्षेत्र में तैनात किए जा रहे हैं। इसी बीच हूतियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें एक जहाज में आग लगी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो के साथ “जल्द ही” लिखा गया है, हालांकि हमले के स्थान या समय को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

हूतियों ने इससे पहले गाजा में संघर्ष के दौरान हमास और गाजावासियों के समर्थन में लाल सागर में कई बार इजरायली और अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाया था। बीते साल गाजा में सीजफायर के बाद उन्होंने हमले रोक दिए थे, लेकिन यह भी साफ किया था कि हालात बिगड़ने पर वे फिर से कार्रवाई कर सकते हैं। मौजूदा हालात में उनकी धमकी से अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ईरान के करीब अमेरिकी जंगी जहाज

अमेरिका का एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन और उसके साथ अन्य युद्धपोत लाल सागर के रास्ते ईरान के नजदीक बढ़ रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यदि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का फैसला लिया जाता है, तो इन युद्धपोतों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ईरान की कड़ी चेतावनी

ईरान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेजा तलाई निक ने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी हमले का पहले से कहीं ज्यादा कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की धमकियों को देखते हुए ईरान को हर स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।

हाल ही में तेहरान के एंघेलाब स्क्वायर पर अमेरिका को चेतावनी देता एक नया बैनर लगाया गया है, जिसमें एक एयरक्राफ्ट कैरियर और उसके आसपास बिखरी लाशें दिखाई गई हैं। बैनर पर लिखा है, “अगर तुम हवा बोओगे, तो बवंडर काटोगे।”
बीते साल जून में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद 12 दिनों तक युद्ध चला था। अब एक बार फिर क्षेत्र में टकराव की आशंका गहराती नजर आ रही है।


इसे भी पढ़ें : देवरिया पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस की भव्य परेड, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने ली सलामी


Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!