द देवरिया न्यूज़,देवरिया। जनपद के नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता कर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
जिलाधिकारी हुल्गी ने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस (एकीकृत बाल विकास सेवा) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संवाद बेहद जरूरी है और वे सभी वर्गों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे, ताकि समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सके।
मीडिया की भूमिका को अहम बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मीडिया से मिलने वाले सुझावों और सूचनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि उनका सीयूजी नंबर अब सीधे उनके पास रहेगा, जिससे आमजन अपनी समस्याएं सीधे उन्हें बता सकेंगे। साथ ही, उन्होंने जनपद के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति दी जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने जिले से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं, जिन पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त) राम शंकर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : देवरिया क्लब में शिक्षामित्र सम्मान समारोह, कृषि मंत्री ने बांटे प्रतीकात्मक चेक
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































