द देवरिया न्यूज़,देवरिया : देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार यह मामला दो दिन पहले हुए चाकूबाजी और मारपीट की घटना से जुड़ा हुआ है। पीड़ित मोहित यादव निवासी पांडेयपुर मुंडेरा ने गुरुवार को बघौचघाट थाने में तहरीर देकर बताया था कि बुधवार शाम वह अपने मामा बृजमोहन यादव के साथ बघौचघाट टैक्सी स्टैंड पर टैक्सी का इंतजार कर रहे थे। दोनों संतोष गौड़ की मिठाई की दुकान के सामने बैठे थे और इसी दौरान उन्होंने अपना बैग दुकान की मेज पर रख दिया था।
तभी वहां एक बाल अपचारी अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचा और मोहित यादव को गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान मोहित यादव और उनके मामा बृजमोहन यादव के साथ मारपीट भी की गई, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में मु0अ0सं0-76/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 109(1), 115(2) और 352 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ा दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
बाल अपचारी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद यादव और कांस्टेबल संजय सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- “2017 से पहले यूपी में था माफियाराज, अब विकास और सुरक्षा की नई पहचान”
➤ You May Also Like





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































