द देवरिया न्यूज़,देवरिया : देवरिया के खामपार थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस घटना में भिंगारी बाजार पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीछा कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
घटना बुधवार देर रात की है। भिंगारी बाजार चौकी प्रभारी जय सिंह यादव अपनी टीम के साथ बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान शिवराजपुर गांव की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया गया।
पुलिस के मुताबिक, कार सवार युवकों ने रुकने के बजाय बैरियर तोड़कर फरार होने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने दरोगा जय सिंह यादव पर कार चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह घायल हो गए। हालांकि तेज रफ्तार कार बैरियर से टकराकर रुक गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से बिहार ले जाई जा रही 20 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई। बरामद “बंटी-बबली” ब्रांड की शराब में करीब 180 लीटर पाउच मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवकुमार यादव (19) निवासी बरडीहा, थाना बांसगांव, गोरखपुर और विशाल कुशवाहा (23) निवासी मलचौर, थाना भोरे, गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) बीएनएस और आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
भाटपाररानी क्षेत्राधिकारी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि चेकिंग के दौरान दरोगा पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई थी। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : प्रतीक यादव के निधन के बाद चर्चा में फिर आई मुलायम सिंह और साधना गुप्ता की कहानी
➤ You May Also Like



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































