द देवरिया न्यूज़,बदायूं : बदायूं जिले में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। बिसौली तहसील क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में दो बच्चियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। तेज हवाओं के कारण हजारों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई इलाकों में आवागमन और बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।
दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत
बिसौली क्षेत्र के गांव सिद्धपुर कैथोली की मढ़ैया निवासी कल्लो देवी अपनी 18 वर्षीय बेटी नेहा के साथ उपले लेने गांव के बाहर गई थीं। उनके साथ गांव की नौ वर्षीय रजनी और 10 वर्षीय मौसमी भी थीं।
अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू होने पर चारों एक छप्पर के नीचे छिप गईं। इसी दौरान तेज हवा से छप्पर से लगी दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में रजनी और मौसमी पूरी तरह मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन रजनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मौसमी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
डंपर पर पेड़ गिरने से चालक की मौत
बिल्सी मार्ग पर बजरी लेकर जा रहे डंपर चालक योगेश (35), निवासी बुलंदशहर, की भी हादसे में मौत हो गई। सोत पुल निर्माण मार्ग पर अचानक यूकेलिप्टस का पेड़ डंपर पर गिर गया, जिससे चालक की मौके पर ही जान चली गई।
कोठरी ढहने से महिला की गई जान
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव तरक परौली में कुछ लोग मैंथा के खेत में काम कर रहे थे। आंधी आने पर वे नलकूप की कोठरी में शरण लेने पहुंचे। तभी पास का पेड़ उखड़कर कोठरी पर गिर गया, जिससे कोठरी ढह गई। हादसे में लक्ष्मी (50) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई।
घायल युवक ने भी तोड़ा दम
थाना क्षेत्र के गुलाबबाग निवासी 20 वर्षीय अंशुल शर्मा मंगलवार शाम आंधी के दौरान पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
सैकड़ों पेड़ गिरने से यातायात बाधित
तेज आंधी के चलते जिलेभर में सैकड़ों पेड़ गिर गए। कई सड़कों पर आवागमन घंटों बाधित रहा। दातागंज-बदायूं मार्ग पर पापड़ और गनगोला गांव के बीच पेड़ गिरने से करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बंद रहा। बाद में पेड़ काटकर रास्ता साफ कराया गया।
आंधी के कारण कई जगह बिजली के खंभे टूट गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
प्रशासन ने शुरू कराया नुकसान का आकलन
बिसौली तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम किसानों की फसलों और जनहानि का आकलन कर रही है। रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और निर्देश मिलने के बाद प्रभावित परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए पुलिस और वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने दी बधाई
➤ You May Also Like














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































