Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

देवरिया एसपी का औचक निरीक्षण, बघौचघाट थाना क्षेत्र स्थित पकहां घाट पुलिस चौकी बॉर्डर पर सख्ती के दिए निर्देश

Published on: April 29, 2026
Surprise inspection of Deoria SP
द  देवरिया न्यूज़,देवरिया : पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मंगलवार रात करीब 10 बजे बघौचघाट थाना क्षेत्र स्थित पकहां घाट पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों का गहन जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से ड्यूटी व्यवस्था, रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बॉर्डर क्षेत्र में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी अभिजीत आर. शंकर ने तस्करी, अवैध शराब, मवेशी तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में अपराध पर नियंत्रण के लिए सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई बेहद जरूरी है। निरीक्षण के बाद एसपी ने बिहार और कुशीनगर से सटे बॉर्डर क्षेत्रों का भी भ्रमण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बॉर्डर से गुजरने वाले सभी वाहनों की नियमित और सघन जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

एसपी ने रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और बॉर्डर पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और किसी भी संदिग्ध सूचना को गंभीरता से लें।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने नवनियुक्त आरक्षियों से भी बातचीत की। उन्होंने जवानों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सीख दी। साथ ही आमजन के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने और पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने पर बल दिया।

एसपी ने कहा कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है, जिसके लिए हर पुलिसकर्मी को ईमानदारी और सजगता के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी। इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिस विभाग में सक्रियता बढ़ गई है और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सख्ती और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply