द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना ने पैन इंडिया साइबर इन्वेस्टमेंट फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार राज्यों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर घुमाता था।
जांच में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज 34 शिकायतों के आधार पर 15.71 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का पता चला है। वहीं, दिल्ली में दर्ज सात मामलों में करीब 2.70 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
WhatsApp ग्रुप से शुरू होता था ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी WhatsApp ग्रुप के जरिए लोगों को ‘इन्वेस्टमेंट लर्निंग’ और शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी देने के नाम पर जोड़ते थे। ग्रुप में आरोपी खुद को मार्केट एक्सपर्ट बताते थे और निवेश से मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद पीड़ितों को एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया जाता था। ऐप में निवेश की गई रकम के साथ लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता था। इससे पीड़ितों को भरोसा हो जाता था कि उनका निवेश सही दिशा में जा रहा है। जब पीड़ित रकम निकालने की कोशिश करते थे, तब जालसाज टैक्स, ब्रोकरेज, प्रोसेसिंग फीस और IPO अलॉटमेंट जैसे अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे अतिरिक्त पैसे मांगते थे।
फर्जी कंपनियों के खातों में पहुंचता था पैसा
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम फर्जी कंपनियों के नाम पर खोले गए बैंक खातों और म्यूल अकाउंट्स में भेजी जाती थी। इसके बाद पैसे को कई खातों में ट्रांसफर कर उसकी ट्रेल छिपाने की कोशिश की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमालुद्दीन फैसल, मुजमिल तैयब, शोएब दिलावर सैयद, सिद्दीकी मोहम्मद सिद्दीक मुफीदभाई, शेख रियाजुद्दीन इम्तियाज, कमलशा कादरशा, हमजा हुमायूं, सरबजीत सिंह और सोनिया शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब से गिरफ्तार किया।
4.82 लाख रुपये की शिकायत से खुला नेटवर्क
मामले की जांच पालम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के बाद शुरू हुई। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि फर्जी ट्रेडिंग ऐप और IPO अलॉटमेंट के नाम पर उससे करीब 4.82 लाख रुपये की ठगी की गई। SHO प्रवेश कौशिक की देखरेख में पुलिस टीम ने WhatsApp ग्रुप और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच की। पैसों के ट्रेल के आधार पर पुलिस ने चार राज्यों में छापेमारी कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली में एक साल में 850 करोड़ की साइबर ठगी
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में दिल्ली में साइबर अपराध के 4,003 मामले सामने आए और इनमें करीब 850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने इन मामलों में 3,544 आरोपियों को गिरफ्तार किया और लगभग 112.76 करोड़ रुपये बरामद किए।
साइबर अपराध से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) बनाया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर अब तक 32.80 लाख से अधिक मामलों में 11,158 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि बचाई जा चुकी है।
इसे भी पढ़ें : पुलिस की वर्दी में बच्चे को CM विजय ने गोद में उठाया, फिर किया सैल्यूट; दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































