द देवरिया न्यूज़,देवरिया। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने स्थानीय डाक बंगले में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सभी उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
परंपरागत स्वरूप में मनाया जाए मोहर्रम
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सभी उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ताजिया आयोजकों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि मोहर्रम पर्व केवल पारंपरिक स्वरूप में ही मनाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गैर-परंपरागत गतिविधि या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाओं को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी।
शिकायतों के निस्तारण पर दिया जोर
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने आईजीआरएस, संपूर्ण समाधान दिवस तथा राजस्व वादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा उसकी सही फीडबैक रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए।
साथ ही उन्होंने लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।
गांवों में चलेगा विशेष सफाई अभियान
मंडलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने नालियों की सफाई, जलभराव वाले स्थानों की पहचान और वहां एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी।
संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर
उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी की जाए और ताजिया जुलूसों के मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
डीआईजी ने ताजियादारों और आयोजकों से नियमित संवाद बनाए रखने तथा प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
थानों और पुलिस लाइन की साफ-सफाई के निर्देश
डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को थानों और पुलिस लाइन में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित होने चाहिए, ताकि बेहतर कार्य वातावरण बना रहे।
शांतिपूर्ण आयोजन का भरोसा
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने आश्वासन दिया कि मंडलायुक्त और डीआईजी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि पर्व के दौरान शांति, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
इसे भी पढ़ें : 2029 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी छात्र मुहिम, राहुल गांधी आज कोटा से करेंगे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































