द देवरिया न्यूज़,इस्लामाबाद : पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने स्वतंत्रता दिवस के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू भारत में रहने वाले हिंदुओं की तुलना में अधिक खुश हैं और पाकिस्तान के मुसलमान सहिष्णु हैं। जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू उतने ही स्वतंत्र हैं, जितने दुनिया के किसी अन्य हिस्से में रहने वाले लोग। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान के हिंदू भारत के बजाय पाकिस्तान में रहना पसंद करेंगे।
जरदारी ने क्या कहा?
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में कुछ लोग ‘अखंड भारत’ की सोच में विश्वास करते हैं, जबकि पाकिस्तान के मुसलमान दूसरों को स्वीकार करने और सहन करने की भावना रखते हैं। उन्होंने पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की स्थिति को बेहतर बताते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय को पूरी आजादी हासिल है।
हालांकि, जरदारी के इस दावे पर पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की स्थिति को लेकर कई सवाल उठते हैं। खासकर हिंदू और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, जबरन धर्म परिवर्तन और नाबालिग लड़कियों के अपहरण जैसे मामले लंबे समय से चर्चा में रहे हैं।
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की स्थिति पर सवाल
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की आबादी मुख्य रूप से सिंध प्रांत में केंद्रित है। विभिन्न आंकड़ों के मुताबिक, देश में हिंदू आबादी करीब 39 लाख से 52 लाख के बीच बताई जाती है। ऐसे में जरदारी का 4 प्रतिशत हिंदू आबादी का दावा भी आधिकारिक जनगणना के आंकड़ों से अलग नजर आता है। अल्पसंख्यक अधिकारों से जुड़े संगठनों और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में पाकिस्तान में जबरन धर्म परिवर्तन और नाबालिग हिंदू लड़कियों के अपहरण के मामलों को लेकर चिंता जताई जाती रही है।
जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह का मुद्दा
मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की नाबालिग लड़कियों के कथित अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह के मामले विशेष रूप से चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों की ओर से पुलिस और प्रशासन पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने के आरोप भी लगाए जाते रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने भी पाकिस्तान में जबरन धर्म परिवर्तन के मामलों को लेकर चिंता जताई है। रिपोर्टों में कहा गया है कि इस तरह के मामलों में हिंदू और ईसाई समुदाय की लड़कियां विशेष रूप से प्रभावित होती हैं।
आबादी के आंकड़ों पर भी विवाद
पाकिस्तान की 2023 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर देश में हिंदू आबादी का अनुपात करीब 1.6 से 2.2 प्रतिशत के आसपास बताया जाता है। यह आंकड़ा राष्ट्रपति जरदारी के बताए 4 प्रतिशत से अलग है। जरदारी का बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस जारी है। ऐसे में उनके दावे ने पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की वास्तविक स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह को भारत आने का फिर न्योता, चुनाव के बाद पहली विदेश यात्रा के लिए दिल्ली ने बढ़ाया कदम
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































