द देवरिया न्यूज़,मेरठ : हुनर और हस्तकला के लिए मशहूर मेरठ की पहचान अब राजनीति के गलियारों तक पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जल्द ही ऐसा काला कोट पहनते नजर आएंगे, जो पूरी तरह मेरठ में तैयार किया जाएगा। यह कोट न सिर्फ फैशन का प्रतीक होगा, बल्कि मेरठ के कुशल कारीगरों और स्थानीय खादी व परिधान उद्योग की पहचान भी बनेगा।
इस दिलचस्प कहानी की शुरुआत संसद सत्र के दौरान दिल्ली में हुई एक मुलाकात से हुई। जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक जब अखिलेश यादव से मिले, तो उन्होंने मेरठ में सिला काला कोट पहन रखा था। अखिलेश यादव की नजर जैसे ही उस कोट पर पड़ी, उन्होंने उसकी तारीफ करते हुए पूछा कि यह कोट कहां तैयार कराया गया है। जब जवाब में मेरठ का नाम सामने आया, तो सपा प्रमुख ने वैसा ही काला कोट अपने लिए भी सिलवाने की इच्छा जताई।
अखिलेश के लिए मेरठ से टेलर पहुंचा लखनऊ
सम्राट मलिक ने बताया कि अखिलेश यादव की इस इच्छा को पूरा करने के लिए रविवार को मेरठ से टेलर को लखनऊ ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थी खादी भंडार के संचालक वैभव शर्मा, अनुभवी टेलर बासिद और प्रोडक्शन हेड लोकेश रूहेला भी मौजूद रहे। लखनऊ स्थित आवास पर अखिलेश यादव ने खुद कपड़े का चयन किया और टेलर ने कोट के लिए नाप लिया। इस मौके पर उन्हें एक काला कोट भेंट भी किया गया, जबकि मुख्य कोट जल्द ही मेरठ में तैयार होकर लखनऊ भेजा जाएगा।
यह घटना केवल एक कोट सिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मेरठ के खादी और परिधान उद्योग के लिए गर्व का क्षण भी है। स्थानीय कारीगरों के हुनर को देश की राजनीति के बड़े चेहरे द्वारा अपनाया जाना मेरठ की साख को और मजबूत करता है।
अरावली बचाने की अपील
इसी बीच अखिलेश यादव ने एक गंभीर पर्यावरणीय मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दिल्ली और एनसीआर के लोगों से ‘अरावली बचाओ’ अभियान में शामिल होने की अपील की। सपा प्रमुख ने कहा कि अरावली पर्वतमाला दिल्ली की प्राकृतिक ढाल है और इसका नष्ट होना पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक साबित होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अरावली को नहीं बचाया गया, तो भविष्य में दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं रहेगी और पानी भी पीने योग्य नहीं बचेगा।
अखिलेश यादव ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर बढ़ते प्रदूषण के खतरे की ओर ध्यान दिलाते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की लापरवाह नीतियां दिल्ली को प्रदूषण के केंद्र में बदल रही हैं, जिसका असर व्यापार, निवेश और पर्यटन पर भी पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : पारिवारिक विवाद में खौफनाक कदम: देवरिया में पिता ने तीन मासूम बच्चों को जहर मिली चाय पिलाई, खुद भी पीकर हालत गंभीर
➤ You May Also Like



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































