द देवरिया न्यूज़,देवरिया। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने मंगलवार को तहसील सभागार में आयोजित “सेवा, सरकार, सुशासन एवं सम्मान” विषयक सेमिनार में सहभागिता कर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं अन्य सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रभावी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना है।
सेमिनार के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन, समाजसेवी एवं युवाओं के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की सफलता नागरिकों की सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया में भागीदार बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में सरकार लगातार कार्य कर रही है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र एवं अन्य सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया और अपने अनुभव भी साझा किए।
डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम में मिले स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं के लिए सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वे निरंतर जनता की सेवा में समर्पित हैं।
उन्होंने कहा, “सेवा ही संगठन है, सुशासन ही संकल्प है और जनहित ही हमारा सर्वोच्च लक्ष्य है।”
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, युवा एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में जनकल्याण, सुशासन और विकास के मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : टीएमसी नेता जहांगीर खान गिरफ्तार, भारत-नेपाल सीमा के पास STF ने दबोचा
➤ You May Also Like



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































