द देवरिया न्यूज़,इस्लामाबाद : रूस और पाकिस्तान के रिश्ते पिछले एक दशक में धीरे-धीरे लेकिन लगातार मजबूत हुए हैं। सुरक्षा, कूटनीति, ऊर्जा, व्यापार और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ा है। खास बात यह है कि यह नजदीकी लंबे समय तक सुर्खियों से दूर रही, लेकिन हाल के घटनाक्रमों ने दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे को स्पष्ट कर दिया है। पाकिस्तान लंबे समय तक अमेरिका के करीब रहा है, जबकि रूस को भारत का पारंपरिक रणनीतिक साझेदार माना जाता रहा है। ऐसे में मॉस्को और इस्लामाबाद के बीच बढ़ता सहयोग भारत के लिए रणनीतिक चिंता का विषय बन सकता है।
आतंकवाद के खिलाफ बढ़ा सहयोग
रूस और पाकिस्तान के बीच सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। 23 जून को इस्लामाबाद में दोनों देशों के अधिकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ वर्किंग ग्रुप की बैठक की। यह इस समूह की 12वीं बैठक थी। इसमें खासतौर पर अफगानिस्तान से पैदा होने वाले सुरक्षा खतरों पर चर्चा हुई।
दोनों देशों ने खुफिया जानकारी साझा करने और आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। पाकिस्तान रूस के आतंकवाद विरोधी अनुभव को महत्व देता है, जबकि रूस पाकिस्तान के क्षेत्रीय और ऑपरेशनल अनुभव से लाभ लेना चाहता है।
इसके अलावा 6 जून को पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बिश्केक में रूस के गृह मंत्री व्लादिमीर कोलोकोल्त्सेव से मुलाकात की थी। इन बैठकों से संकेत मिलता है कि दोनों देश सुरक्षा सहयोग को नियमित और संस्थागत रूप दे रहे हैं।
अफगानिस्तान बना साझा चिंता
अफगानिस्तान रूस और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सहयोग का एक प्रमुख आधार है। हालांकि दोनों देशों की चिंताएं अलग-अलग हैं। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान की जमीन से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) जैसे समूह उसके खिलाफ गतिविधियां चलाते हैं। वहीं रूस की प्रमुख चिंता इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रोविंस (ISKP) को लेकर है। मॉस्को को आशंका है कि अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन मध्य एशिया और रूस तक अपना प्रभाव बढ़ा सकते हैं। यही साझा चिंता दोनों देशों को सुरक्षा के क्षेत्र में करीब ला रही है।
2030 तक आर्थिक सहयोग बढ़ाने की तैयारी
सुरक्षा के साथ-साथ रूस और पाकिस्तान आर्थिक रिश्तों को भी नई दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों देशों ने 2030 तक आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए कार्यक्रम पर काम करने की सहमति जताई है। इसका उद्देश्य व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना तथा दोनों देशों के बीच कारोबार में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। पाकिस्तान ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में रूस के साथ सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखा रहा है। पाकिस्तानी नेतृत्व की ओर से दोनों देशों के बीच बढ़ती राजनीतिक नजदीकी का उदाहरण प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हालिया मुलाकातों को भी बताया गया है।
कनेक्टिविटी पर भी बढ़ा फोकस
रूस और पाकिस्तान के रिश्तों में कनेक्टिविटी भी महत्वपूर्ण मुद्दा बनती जा रही है। पाकिस्तान रूस के इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर (INSTC) से जुड़ने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। करीब 7,200 किलोमीटर लंबा यह नेटवर्क समुद्री, रेल और सड़क मार्गों के जरिए रूस को ईरान, भारत, अजरबैजान और मध्य एशिया से जोड़ने की योजना का हिस्सा है। पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट को भी संभावित कनेक्टिविटी लिंक के रूप में देखा जा रहा है। रूस की ओर से हिंद महासागर तक पहुंच बनाने के लिए नए रेलवे मार्गों की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई है। यदि ऐसे प्रोजेक्ट आगे बढ़ते हैं तो रूस को दक्षिण एशिया और हिंद महासागर क्षेत्र तक पहुंच का नया रास्ता मिल सकता है।
भारत के लिए क्यों बढ़ सकती है चिंता?
रूस-पाकिस्तान की बढ़ती नजदीकी भारत के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मॉस्को लंबे समय से नई दिल्ली का प्रमुख रक्षा और रणनीतिक साझेदार रहा है। यदि रूस पाकिस्तान के साथ सुरक्षा और रक्षा सहयोग को और विस्तार देता है तो दक्षिण एशिया के रणनीतिक समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अफगानिस्तान में रूस की सक्रियता भी भारत के लिए महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि नई दिल्ली भी इस क्षेत्र में अपनी कूटनीतिक भूमिका मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हालांकि रूस-पाकिस्तान के रिश्ते अभी किसी औपचारिक सैन्य गठबंधन में तब्दील नहीं हुए हैं, लेकिन सुरक्षा, ऊर्जा, व्यापार और कनेक्टिविटी में लगातार बढ़ता सहयोग बताता है कि दोनों देशों के संबंध अब केवल औपचारिक कूटनीति तक सीमित नहीं रहे।
इसे भी पढ़ें : राफेल पर फ्रांस का टेक्नोलॉजी दांव: पार्टनर तो चाहिए, लेकिन सोर्स कोड देने से हिचकिचाहट; भारत के सामने बड़ी चुनौती
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































