द देवरिया न्यूज़,देवरिया : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया दौरे पर रहेंगे। वह सुबह 10:55 बजे बरहज क्षेत्र के बरांव स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और करीब एक घंटे तक जनसभा एवं विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री देवरिया-बरहज फोरलेन सहित कुल 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
106 विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बरहज और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इनमें पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण तथा नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
तीन दिन से चल रही थी तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पिछले तीन दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ था। गुरुवार देर रात तक कार्यक्रम स्थल की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी करते रहे।
8 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बरहज क्षेत्र के बरांव चौराहा स्थित श्रीहनुमान विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के खेल मैदान के समीप आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर विशिष्ट अतिथियों और आमजन के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें करीब 8 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। हेलीपैड से लेकर मुख्य मंच तक बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का करेंगे अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर सेफ हाउस के समीप विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री मंच पर जाने से पहले इन स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और विभागीय योजनाओं की जानकारी लेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया जाएगा।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे और आगामी मुहर्रम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : यमन हमले में मारे गए नाविक शिवानंद चौरसिया के घर पहुंचा सपा प्रतिनिधिमंडल, परिजनों को दी सांत्वना
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































