द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने इस घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए संबंधित सांसदों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया है। AAP ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति को याचिका भेजकर इन सांसदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की है।
AAP सांसद संजय सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी संवैधानिक विशेषज्ञों से सलाह लेने और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल की राय के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि संविधान की दसवीं अनुसूची (एंटी-डिफेक्शन कानून) के तहत इन सातों सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध किया गया है।
संजय सिंह ने कहा, “हमने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति से आग्रह किया है कि इस मामले की जल्द सुनवाई कर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के कई महत्वपूर्ण फैसले भी मौजूद हैं। AAP इस मुद्दे पर कानूनी लड़ाई लड़ेगी।”
BJP में शामिल होने वाले सांसदों में राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम शामिल हैं। इन नेताओं के एक साथ पार्टी छोड़ने से AAP को बड़ा झटका माना जा रहा है।
वहीं, पार्टी छोड़ते समय राघव चड्ढा ने कहा था कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने संविधान के प्रावधानों के तहत BJP में विलय का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि सातों सांसदों ने इस संबंध में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर उन्हें राज्यसभा के सभापति को सौंप दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब निगाहें राज्यसभा सभापति के फैसले पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि इन सांसदों की सदस्यता बनी रहेगी या खत्म होगी। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह मामला आने वाले दिनों में कानूनी और संवैधानिक बहस का बड़ा विषय बन सकता है।
इसे भी पढ़ें : BJP जॉइन करने के बाद राघव चड्ढा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटे, 24 घंटे में लाखों की कमी का दावा
➤ You May Also Like

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































