द देवरिया न्यूज़मथुरा। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के दान में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के बीच कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राम मंदिर से ही सनातन बोर्ड बनाने की शुरुआत करने की मांग की है।
देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के कुछ ही समय बाद इस तरह के विवाद सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से सनातन बोर्ड के गठन की मांग करते रहे हैं ताकि मंदिरों के संचालन और प्रबंधन में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने कहा, “सरकारी अधिकारियों को मंदिरों का अधिकारी बनाना उचित नहीं है। अधिकारियों की व्यवस्था हमारे धर्म से संबंधित नहीं है। अन्य धर्मों के धार्मिक संस्थानों में सरकारी हस्तक्षेप नहीं होता, फिर हिंदू मंदिरों में ही ऐसा क्यों?”
मंदिर के धन के दुरुपयोग पर जताई चिंता
देवकी नंदन ठाकुर ने धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि मंदिर के धन का दुरुपयोग या चोरी करना गंभीर पाप माना गया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति धर्म और आस्था के महत्व को समझता है, वह कभी मंदिर के धन को गलत तरीके से इस्तेमाल नहीं करेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि राम मंदिर के प्रबंधन मॉडल से ही सनातन बोर्ड की स्थापना की शुरुआत की जाए और चारों शंकराचार्यों में से किसी योग्य संत को इसका अध्यक्ष बनाया जाए।
दान राशि मामले की जांच में जुटी एसआईटी
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। सोमवार को एसआईटी की टीम अयोध्या पहुंचकर मंदिर परिसर और संबंधित दस्तावेजों की जांच में जुट गई।
एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, आईजी किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। जांच दल को कथित वित्तीय अनियमितताओं के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों का भी अध्ययन करना है।
ट्रस्ट ने जांच में सहयोग का दिया आश्वासन
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर ट्रस्ट एसआईटी को हर आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराएगा ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
अखिलेश यादव के आरोपों के बाद शुरू हुआ विवाद
राम मंदिर चंदा विवाद तब चर्चा में आया जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंदिर में चढ़ावे के करोड़ों रुपये गायब होने का आरोप लगाया था और मामले की न्यायिक जांच की मांग की थी। हालांकि, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि आंतरिक ऑडिट जारी है और अब तक किसी अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल एसआईटी की जांच जारी है और इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें : दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश का आरोप, कांग्रेस ने अमित शाह पर साधा निशाना
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































