द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत की Gen-Z को लेकर की गई विवादित टिप्पणी का मामला अब संसद तक पहुंच गया है। कंगना के ‘गटर जनरेशन’ वाले बयान पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को सरकार और बीजेपी नेतृत्व पर निशाना साधा। लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान संजय सिंह ने बिना नाम लिए कंगना के बयान का जिक्र किया और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से अपने सांसद को समझाने की अपील की।
संजय सिंह ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की नाराजगी और उनकी समस्याओं को समझना चाहिए, न कि उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जानी चाहिए।
संजय सिंह बोले- ‘Gen-Z को गटर कहोगे तो…’
राज्यसभा में अपनी बात रखते हुए संजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हुए थे। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि दोबारा परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल नहीं होने के लिए जिम्मेदारी किसकी है।
इसके बाद उन्होंने छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। संजय सिंह ने बिना कंगना रनौत का नाम लिए कहा कि बीजेपी की एक सांसद ने Gen-Z के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से कहा कि वे अपने सांसद को समझाएं। संजय सिंह ने तीखे अंदाज में कहा कि अभी तो केवल एक थप्पड़ पड़ा है और अगर Gen-Z को इसी तरह ‘गटर’ कहा जाता रहा, तो देश का नौजवान और Gen-Z सरकार को जवाब देने का काम करेगा।
क्या है कंगना रनौत के बयान का पूरा विवाद?
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर किए गए कुछ पोस्ट में नई पीढ़ी और पश्चिमी सोच से प्रभावित भारतीय युवाओं को लेकर कड़ी टिप्पणी की थी। उन्होंने Gen-Z के एक वर्ग को ‘गटर जनरेशन’ बताते हुए उनकी जीवनशैली, सोच और आत्मनिर्भरता पर सवाल उठाए थे।
कंगना ने अपने पोस्ट में युवाओं के बीच नशे, शराब और रिश्तों को लेकर अपनाए जा रहे रवैये की आलोचना की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि स्वतंत्र जीवन जीने की बात करने वालों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। कंगना की इन टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई लोगों ने इसे युवाओं और महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा बताया, जबकि उनके समर्थकों ने इसे उनकी व्यक्तिगत राय और सामाजिक टिप्पणी के रूप में बचाव किया।
Gen-Z की परवरिश पर भी उठाए सवाल
कंगना ने अपने पोस्ट में Gen-Z के कुछ प्रदर्शनकारियों के व्यवहार और भाषा पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने प्रदर्शन के वीडियो का जिक्र करते हुए युवाओं की परवरिश को लेकर टिप्पणी की और पूछा था कि आखिर ऐसी भाषा और व्यवहार के लिए कौन जिम्मेदार है।
इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। विपक्षी दल इसे युवाओं और छात्रों का अपमान बता रहे हैं। वहीं, संसद में इस मुद्दे के उठने के बाद बीजेपी सांसद की टिप्पणी पर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।
नीट और छात्र आंदोलन के बीच बढ़ा विवाद
यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब संसद में नीट परीक्षा, पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। विपक्ष लगातार परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की शिकायतों पर सरकार से जवाब मांग रहा है।
संजय सिंह ने भी इसी चर्चा के दौरान छात्र आंदोलन, परीक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। ऐसे में कंगना की टिप्पणी को विपक्ष ने छात्रों के गुस्से और आंदोलन के संदर्भ से जोड़ दिया है। अब देखना होगा कि कंगना रनौत या बीजेपी नेतृत्व की ओर से संजय सिंह के इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है। फिलहाल ‘गटर जनरेशन’ वाली टिप्पणी ने संसद से लेकर सोशल मीडिया तक राजनीतिक बहस को और गर्म कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : श्रीनगर पहुंचे सोनम वांगचुक, वंदे भारत यात्रा की सराहना; परीक्षा सुधार कानून का किया स्वागत, छात्रों पर कार्रवाई न करने की अपील
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































