द देवरिया न्यूज़,देवरिया, 26 जुलाई। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, बांस देवरिया स्थित मा. मुलायम सिंह यादव सभागार में रविवार को आरक्षण दिवस के अवसर पर ‘संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव की अध्यक्षता और जिला महासचिव मंजूर हसन के संचालन में सादगी एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के संविधान की प्रति पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आरक्षण की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
26 जुलाई सामाजिक न्याय के इतिहास का स्वर्णिम दिवस: व्यास यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता व्यास यादव ने कहा कि 26 जुलाई भारतीय सामाजिक न्याय के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। उन्होंने कहा कि इसी दिन राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक नींव रखी थी। बाद में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इसे भारतीय संविधान में संवैधानिक अधिकार के रूप में स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा और सामाजिक न्याय का आधार है। यह देश के वंचित, शोषित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और कमजोर वर्गों के अधिकारों का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी आरक्षण और सामाजिक न्याय की व्यवस्था भी मजबूत बनी रहेगी।
पीडीए के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाती रहेगी।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने पथरदेवा में सुनी ‘मन की बात’, संगठनात्मक बैठक के बाद किया पौधारोपण
➤ You May Also Like





Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































