Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

बीएमसी चुनाव से पहले उद्धव-राज ठाकरे साथ आए, सत्ताधारी गठबंधन पर तीखा हमला; संयुक्त घोषणा पत्र का ऐलान

Published on: January 5, 2026
Uddhav-Raj before BMC elections

द देवरिया न्यूज़,मुंबई : मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सत्ताधारी गठबंधन और मौजूदा चुनावी प्रक्रिया पर जमकर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने संकेत दिया कि आगामी चुनावों के लिए वे जल्द ही एक संयुक्त चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे।

‘यह लोकतंत्र नहीं, झुंडशाही है’

उद्धव ठाकरे ने कहा कि देश में अब लोकतंत्र की जगह “झुंडशाही” ने ले ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वोट चोरी होते थे, अब सीधे उम्मीदवार चुराए जा रहे हैं। उद्धव ने कहा कि सबूत हाथ लगने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि खुद को पौराणिक उपलब्धियों से जोड़ने वाले लोग वर्षों पहले समुद्र में पूजा के बावजूद छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा आज तक सामने नहीं ला सके।

उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग को खुली चुनौती देते हुए मांग की कि सभी रिटर्निंग अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं, ताकि चुनावी प्रक्रिया की सच्चाई सामने आ सके।

राहुल नार्वेकर पर गंभीर आरोप

उद्धव ठाकरे ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति खुलेआम उम्मीदवारों और मतदाताओं को धमका रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि राहुल नार्वेकर को तत्काल निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ मामला दर्ज हो।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्विरोध उम्मीदवार जितवाकर मतदाताओं से उनके वोट का अधिकार छीना गया है और ऐसे सभी स्थानों पर उपचुनाव कराए जाने चाहिए।

राज ठाकरे का भाजपा पर पलटवार

मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में निर्विरोध चुनावों के खिलाफ भाजपा सुप्रीम कोर्ट गई थी, लेकिन महाराष्ट्र में वही पार्टी इस मुद्दे पर चुप क्यों है। राज ठाकरे ने चेतावनी दी कि कोई भी सत्ता स्थायी नहीं होती और जो लोग यह सोचते हैं कि वे हमेशा सत्ता में रहेंगे, उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए।

राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र को उत्तर प्रदेश और बिहार की राह पर ले जाने की कोशिश की जा रही है, जबकि महाराष्ट्र ने हमेशा देश को दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि आज राजनीति में लोग बार-बार विचारधाराएं बदल रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।


Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “बीएमसी चुनाव से पहले उद्धव-राज ठाकरे साथ आए, सत्ताधारी गठबंधन पर तीखा हमला; संयुक्त घोषणा पत्र का ऐलान”

Leave a Reply

error: Content is protected !!