द देवरिया न्यूज़,देवरिया : बघौचघाट थाना क्षेत्र के हरिमहुअवा गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। काफी ऊंचाई पर युवक को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
युवक की पहचान रंजीत कुमार (17 वर्ष) पुत्र गोपीचंद निवासी बैरिया टोला महुई, थाना कटेया, जनपद गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। स्थानीय लोगों ने जब युवक को टावर पर देखा तो तुरंत इसकी सूचना बघौचघाट पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले आसपास भीड़ को नियंत्रित किया और फिर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। थानाध्यक्ष ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे समझाया-बुझाया। पुलिस लगातार धैर्य और सावधानी के साथ युवक को नीचे आने के लिए मनाती रही। आखिरकार पुलिस की समझाइश रंग लाई और युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया।
युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कराई और उसके परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक युवक अपने गांव की एक युवती से प्रेम करता था। कुछ दिन पहले युवती के परिजनों को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद युवक को समझाने का प्रयास किया गया था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उसकी आवश्यक काउंसलिंग भी कराई जा रही है, ताकि भविष्य में वह इस प्रकार का कोई कदम न उठाए।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संवेदनशील मामलों में संयम बरतने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : आकाशीय बिजली से मृत किसान के परिजनों को मिला ₹4 लाख का सहायता चेक, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने सौंपा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































