द देवरिया न्यूज़,देवरिया। बघौचघाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना कंचनपुर–बघौचघाट मार्ग पर मलसी–जैतपट्टी गांव के पास हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान तरकुलवा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी बबलू शाह (39) पुत्र पहाड़ी शाह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बबलू शाह अपने रिश्तेदारों को बेलम्हां बाजार छोड़कर देर रात बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बबलू शाह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार बबलू शाह अपने छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और मदारी का खेल दिखाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी तबस्सुम, पिता पहाड़ी शाह और आठ बच्चों को छोड़ गए हैं।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : ओमान तट पर भारतीय नाविकों की मौत पर भारत सख्त, अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी तलब
➤ You May Also Like












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































