विदाई समारोह को संबोधित करते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि देवरिया में मिला स्नेह, सहयोग और अनुभव उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देवरिया की टीम समर्पित और जिम्मेदार रही, जिसने हर कार्य को निष्ठा और ईमानदारी से पूरा किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर सहित अन्य अधिकारियों ने उनके नेतृत्व की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में जनपद में प्रशासनिक कार्यों को गति मिली और टीमवर्क की भावना मजबूत हुई।
उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, बरहज के उपजिलाधिकारी हरिशंकर लाल, रुद्रपुर के उपजिलाधिकारी अवधेश निगम, भाटपाररानी के उपजिलाधिकारी रत्नेश तिवारी तथा तहसीलदार सदर के.के. मिश्र ने भी उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताया और उनके सरल एवं संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा की।
समारोह में अधिवक्ताओं की ओर से प्रीतम मिश्र, केशरी नंदन पांडेय, प्रेम नारायण मणि त्रिपाठी, प्रियंका सिंह और हरीश चंद्र यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के रूप में दिव्या मित्तल ने प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया।
कार्यक्रम का संचालन डीजीसी नवनीत मालवीय ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने दिव्या मित्तल को उनके आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
1 thought on “देवरिया: स्थानांतरित डीएम दिव्या मित्तल को भावभीनी विदाई, कलक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह”