द देवरिया न्यूज़,लार (देवरिया): मेहरौना घाट चेकपोस्ट पर सोमवार को पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया। जांच के दौरान पकड़ी गई शराब लदी पिकअप पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 1600 बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से मेरठ निवासी तस्कर निसार खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी निसार खान (32) मेरठ जिले के मोदीपुरम पल्लवपुरम फेज-2 का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की एक खेप को बिहार बॉर्डर पार कराने के एवज में उसे 25 हजार रुपये मिलते थे।
चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर पकड़ी गई पिकअप
पुलिस के मुताबिक सोमवार को मेहरौना चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप को रोका गया। जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो त्रिपाल के नीचे बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हरियाणा से शराब लेकर वाहन इतनी दूर तक कैसे पहुंच गया और रास्ते में विभिन्न चेकपोस्टों पर उसकी जांच क्यों नहीं हुई। अधिकारियों ने इस पूरे नेटवर्क और संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस टीम अब नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों तक पहुंचने के लिए दूसरे जिलों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है। सूत्रों के अनुसार मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस की एक टीम बिहार भी गई थी।
सीओ मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया है और बॉर्डर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : बघौचघाट थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने की अपील
➤ You May Also Like














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































