द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : देश के कई हिस्सों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को देश के 9 राज्यों में भीषण ठंड और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 5 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी है।
IMD के मुताबिक 30 जनवरी को तापमान में गिरावट के साथ-साथ घना से बहुत घना कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर भारत के करीब 19 शहरों में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
इन राज्यों में शीतलहर और ठंड का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड को लेकर चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ने की आशंका है।
5 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
IMD ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 31 जनवरी को बारिश की संभावना है, जबकि 1 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
बिहार से राजस्थान तक कोहरे का कहर
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार में घने कोहरे की मोटी चादर छाए रहने की चेतावनी दी गई है। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि मध्य भारत में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
IMD ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ की भी पहचान की है, जो फिलहाल उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है और आने वाले दिनों में मौसम को प्रभावित कर सकता है।
दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर का असर बना हुआ है। न्यूनतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और देर रात घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो रही है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
IMD के मुताबिक 30 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
31 जनवरी और 1 फरवरी को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने 31 जनवरी और 1 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम के करवट लेने की संभावना जताई है। 31 जनवरी को हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं 1 फरवरी को गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद ठंड और बढ़ सकती है। लखनऊ सहित कई जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। यूपी के करीब 15 जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं उत्तराखंड के हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का यलो अलर्ट है। पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हिमस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है।
इसे भी पढ़ें : अमेरिका-वेनेजुएला संबंधों में नरमी के संकेत, ट्रंप ने वाणिज्यिक हवाई क्षेत्र दोबारा खोलने का किया ऐलान
➤ You May Also Like



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































