द देवरिया न्यूज़,देवरिया (बघौच घाट ) : समाजवादी पार्टी के पथरदेवा विधानसभा उपाध्यक्ष भगवती मिश्रा का शुक्रवार को 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मलवाबर बनरही स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत देवरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके बड़े पुत्र राजन मिश्र ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
भगवती मिश्रा के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री ब्रम्हा शंकर तिवारी उनके आवास पहुंचे और शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मिश्रा एक सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे। उनके निधन से क्षेत्र की राजनीति को बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल होगा।
स्थानीय लोगों और समर्थकों ने भी उन्हें एक जनप्रिय और व्यवहार कुशल व्यक्ति बताते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भगवती मिश्रा हमेशा समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए खड़े रहते थे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे।
परिवार में उनकी पत्नी निर्मला देवी, दो पुत्र राजन मिश्र और रितेश मिश्र हैं। अंतिम दर्शन के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख अभिषेक त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
भगवती मिश्रा का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 400 पार, महंगाई से हाहाकार—सरकार ने बढ़ाई सब्सिडी
➤ You May Also Like



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































