Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

बांग्लादेश पहुंची पाकिस्तान एयरफोर्स की टीम, TTP कनेक्शन खुलासे के बाद बढ़ी हलचल

Published on: May 13, 2026
Pakistan Air Force reached Bangladesh
द  देवरिया न्यूज़,ढाका : बांग्लादेश में हाल ही में वायुसेना के भीतर कथित तहरीक-ए-पाकिस्तान (TTP) मॉडल के खुलासे और कई अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद अब पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के वरिष्ठ अधिकारियों के ढाका दौरे ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान एयरफोर्स के एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 10 मई से बांग्लादेश दौरे पर है।
नॉर्थ ईस्ट न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह दौरा बेहद गोपनीय तरीके से किया जा रहा है। अब तक न तो पाकिस्तान और न ही बांग्लादेश की ओर से इस यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहली बार “एयर स्टाफ टॉक” (AST) का आयोजन ढाका में शुरू हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद के साथ एयर कमोडोर शाह खालिद, अब्दुल गफूर बुजदार, ग्रुप कैप्टन मोहम्मद अली खान और विंग कमांडर हसन तारिक अजीज भी बांग्लादेश पहुंचे हैं। यह टीम कतर एयरवेज की फ्लाइट से दोहा होते हुए ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।
औरंगजेब अहमद पाकिस्तान वायुसेना में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात हैं। वह वर्तमान में PAF के जनसंपर्क महानिदेशक, वायुसेना उप-प्रमुख (ऑपरेशंस) और रणनीतिक कमान के कमांडर भी हैं। पिछले वर्ष “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान उन्हें पाकिस्तान एयरफोर्स का प्रमुख चेहरा माना गया था। हाल ही में इस्लामाबाद में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इस दौरे का समय इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि कुछ सप्ताह पहले बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों ने देश के तीन एयरबेस और कई सैन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी। इन कार्रवाईयों में बांग्लादेश एयरफोर्स (BAF) के दो स्क्वाड्रन लीडरों समेत कई अधिकारियों और नॉन-कमीशंड अधिकारियों को हिरासत में लिया गया था। उन पर TTP से कथित संबंध रखने के आरोप लगाए गए थे।
हालांकि बांग्लादेश वायुसेना ने इस मामले में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार गिरफ्तार अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस घटनाक्रम के तुरंत बाद पाकिस्तान वायुसेना के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का ढाका पहुंचना क्षेत्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों की नजर में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच यह वार्ता दोनों वायु सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने, सैन्य अनुभव साझा करने और रक्षा संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। इससे पहले दोनों देशों की सेना और नौसेना के बीच भी स्टाफ-स्तरीय बातचीत हो चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस प्रशासन आने के बाद पाकिस्तान के साथ रक्षा सहयोग तेजी से बढ़ा है। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच लगातार संपर्क बढ़ रहा है और भविष्य में वायुसेना स्तर पर औपचारिक सहयोग को और विस्तार देने की योजना है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल भारत की सीमा के करीब स्थित लालमोनिरहाट और बोगुरा एयरबेस का दौरा कर सकता है। इन दोनों स्थानों पर हाल के महीनों में सैन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। लालमोनिरहाट एयरबेस पर नया हैंगर तैयार किया गया है, जबकि बोगुरा एयरबेस के रनवे को बढ़ाकर 3.2 किलोमीटर करने का काम जारी है।
बांग्लादेश वायुसेना यहां एयर डिफेंस रडार लगाने के साथ-साथ फ्लाइंग एकेडमी और लड़ाकू पायलट प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है। इसके अलावा ड्रोन उत्पादन सुविधा और नए लड़ाकू विमानों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने की तैयारी भी चल रही है।
इस बीच जनवरी में आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने को लेकर बातचीत चल रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस बार के दौरे में भी इसी रक्षा सौदे पर चर्चा हो सकती है।
भारत की सुरक्षा एजेंसियां और रक्षा प्रतिष्ठान पाकिस्तान वायुसेना के इस दौरे पर करीबी नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि यह घटनाक्रम भारत-बांग्लादेश सीमा के नजदीक सैन्य गतिविधियों से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : ईरान-इजरायल युद्ध के बीच कैसे बचा सऊदी अरब? पूर्व खुफिया प्रमुख ने बताया MBS का ‘मास्टर प्लान’


Discover more from thedeoria.news : : Voice of rural India - ग्रामीण भारत की आवाज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!