द देवरिया न्यूज़,रोम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने इटली को भारत का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए दोनों देशों के संबंधों को “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” के स्तर तक ले जाने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली के बीच सहयोग केवल तय एजेंडे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भविष्य की तकनीक, नवाचार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता जैसे व्यापक क्षेत्रों तक फैला हुआ है। उन्होंने टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को दोनों देशों की साझेदारी का “इंजन” बताया।
संबंधों को नई गति और आत्मविश्वास
पीएम मोदी ने कहा,
“पिछले साढ़े तीन वर्षों में मुझे कई बार प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलने का अवसर मिला है। यह भारत और इटली के बीच बढ़ते सहयोग और आपसी विश्वास को दर्शाता है। उनके नेतृत्व में हमारे संबंधों को नई गति, नई दिशा और नया आत्मविश्वास मिला है।”
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को और मजबूत करने के लिए विशेष रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।
शिपिंग, लॉजिस्टिक्स और ब्लू इकोनॉमी पर सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली शिपिंग, बंदरगाह आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक्स और ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच बने “डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप” से रक्षा क्षेत्र में को-डेवलपमेंट और को-प्रोडक्शन का रास्ता खुलेगा।
उन्होंने कहा,
“समुद्री शक्ति के रूप में भारत और इटली के बीच कनेक्टिविटी और समुद्री सहयोग स्वाभाविक है।”
आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख
पीएम मोदी ने आतंकवाद को मानवता के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि भारत और इटली इस मुद्दे पर पूरी तरह एकमत हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के वित्तीय नेटवर्क को खत्म करने के लिए दोनों देशों की साझा पहल दुनिया के सामने एक मजबूत उदाहरण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,
“जिम्मेदार लोकतंत्र केवल आतंकवाद की निंदा नहीं करते, बल्कि उसके आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए ठोस कदम भी उठाते हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि यूक्रेन और पश्चिम एशिया समेत वैश्विक तनावों को लेकर दोनों देशों के बीच लगातार संवाद बना हुआ है। पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए चाहता है।
मेलोनी ने बताया ऐतिहासिक दिन
संयुक्त प्रेस वार्ता में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी को अपना “मित्र” बताते हुए इस मुलाकात को ऐतिहासिक करार दिया।
मेलोनी ने कहा,
“आज का दिन भारत और इटली के संबंधों के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन यह उनकी पहली द्विपक्षीय इटली यात्रा है।”
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने 26 वर्ष पहले, वर्ष 2000 में इटली का दौरा किया था।
इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर पर जोर
इटली की प्रधानमंत्री ने इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर (IMEC) को तेजी से विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वैश्विक व्यापार, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : भारत की मिसाइल ताकत से पाकिस्तान में बढ़ी बेचैनी, CISS ने शहबाज सरकार को दी चेतावनी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































