द देवरिया न्यूज़,देवरिया : जिले के पथरदेवा क्षेत्र स्थित मदरसा इस्लामिया महुआरी में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की सेकेन्डरी परीक्षा में मदरसे के छात्र-छात्राओं द्वारा शत-प्रतिशत सफलता हासिल करने पर मेधावी छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम मदरसा परिसर में आयोजित हुआ, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 विद्यार्थियों को अंकपत्र, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली छात्राओं में नसीबा खातून, मुस्कान खातून, नाजिया खातून, लाडली खातून, आफरीन खातून, यासमीन खातून, सुहाना खातून, सानिया खातून और आयशा खातून शामिल रहीं। समारोह में छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मदरसा के प्रधानाचार्य मंजूर हसन ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक और तकनीकी शिक्षा भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मदरसा इस्लामिया महुआरी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और यहां के विद्यार्थी नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों को समाज और देश की मुख्यधारा से जोड़ती है। प्रधानाचार्य ने उम्मीद जताई कि मदरसे के छात्र-छात्राएं भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी बनकर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करेंगे।
समारोह में मेधावी छात्राओं के अभिभावकों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और उनके सहयोग के बिना बेहतर परिणाम संभव नहीं हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गणेश मिश्रा ने किया। इस दौरान मदरसे के शिक्षकों और कर्मचारियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में शिक्षक मु. मेराज खां, मौलाना सईद अहमद, जहीरुद्दीन अंसारी, महमूद अहमद, हाफिज मु. खालिद, वसीउल्लाह, शमशाद हुसैन, सज्जाद अहमद, इजहार अहमद, कमरुद्दीन अंसारी, सद्दाम हुसैन, लिपिक शमशाद अहमद, मुख्तार अंसारी, परिचारक अनवार अहमद और अनवर सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसे भी पढ़ें : बघौचघाट पुलिस ने बाल अपचारी को अवैध चाकू के साथ पकड़ा, हमला मामले में हुई कार्रवाई
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































