द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य पर अनिश्चितता के बीच भारत और दक्षिण कोरिया ने अपने संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के बीच सोमवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई।
बैठक में दोनों नेताओं ने वैश्विक हालात, खासकर पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने वाले असर पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही इस बात पर मंथन हुआ कि बदलते अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में भारत और दक्षिण कोरिया किस तरह आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर सकते हैं।
बैठक के बाद दोनों नेताओं ने एक साथ पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच संबंधों को नए आयाम देने पर सहमति बनी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच हजारों साल पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। उन्होंने अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना और कोरिया के राजा किम-सुरो की ऐतिहासिक कथा का जिक्र करते हुए दोनों देशों की साझा विरासत को रेखांकित किया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत में के-पॉप और के-ड्रामा की लोकप्रियता बढ़ रही है, वहीं कोरिया में भारतीय सिनेमा और संस्कृति की पहचान मजबूत हो रही है।
उन्होंने राष्ट्रपति ली का भारत की पहली यात्रा पर स्वागत करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। पीएम मोदी ने कहा कि पहली मुलाकात से ही राष्ट्रपति ली का भारत के प्रति लगाव स्पष्ट दिखाई देता है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में जहाज निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और उभरती तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और नए अवसरों की तलाश पर भी जोर दिया गया।
भारत और दक्षिण कोरिया दोनों ही देश आपसी हित के नए क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच यह बैठक दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : राऊज एवेन्यू कोर्ट में सोनिया गांधी मामले की सुनवाई, लिखित दलीलों के लिए एक सप्ताह का समय
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































