मुथुकृष्णन धंदापानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह कोई निजी या गोपनीय जानकारी साझा नहीं करना चाहते, लेकिन यह जरूर बताना चाहते हैं कि सार्वजनिक धारणा और वास्तविकता में काफी अंतर होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पोस्ट किसी राजनीतिक दल या नेता के समर्थन में नहीं है, बल्कि यह दिखाने के लिए है कि व्यक्तिगत और पेशेवर रिश्ते राजनीतिक मतभेदों से अलग हो सकते हैं।
धंदापानी ने बताया कि वर्ष 2013 में उनके एक ग्राहक, जो राहुल गांधी के लिए पेशेवर रूप से काम करते थे, ने उनका नाम राहुल गांधी को सुझाया था। इसके बाद से राहुल गांधी उनके ग्राहक बने हुए हैं और वह उनके म्यूचुअल फंड निवेशों को संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता यूपीए-2 सरकार के समय शुरू हुआ था और आज तक जारी है।
उन्होंने लिखा, “2013 में जब यूपीए-2 सत्ता में थी, तब राहुल गांधी के लिए काम करने वाले एक व्यक्ति ने मेरा नाम सुझाया। उसी समय से मैं उनके म्यूचुअल फंड निवेशों को संभाल रहा हूं। आज तक यह संबंध बना हुआ है।”
मुथुकृष्णन ने आगे कहा कि इस दौरान उनकी राहुल गांधी और उनके कार्यालय के कर्मचारियों से कई बार बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से फोन पर भी बात की है और ईमेल के जरिए भी संवाद होता रहा है।
धंदापानी ने अपनी राजनीतिक विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि वह वर्ष 2014 से 2024 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत समर्थक रहे हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी या उनके स्टाफ ने कभी उनके राजनीतिक विचारों को मुद्दा नहीं बनाया।
उन्होंने कहा, “जैसा कि लोग जानते हैं, मैं 2014 से 2024 तक नरेंद्र मोदी का प्रबल समर्थक रहा हूं। लेकिन राहुल गांधी या उनके कार्यालय ने कभी मेरे राजनीतिक विचारों को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया। उन्हें पता था कि मैं अपनी पेशेवर सेवाओं और राजनीतिक सोच को अलग रखता हूं।”
धंदापानी ने राहुल गांधी के व्यवहार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर बातचीत में उनके साथ सम्मानपूर्वक पेश आते हैं। उन्होंने यह भी अंदेशा जताया कि उनकी इस पोस्ट के बाद संभव है कि राहुल गांधी उनसे पेशेवर संबंध खत्म कर लें, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें इससे कोई शिकायत नहीं होगी।
उन्होंने लिखा, “संभव है कि इस पोस्ट के बाद राहुल गांधी मुझसे अपना पेशेवर संबंध समाप्त कर दें, लेकिन कोई बात नहीं। हर चीज का अंत कभी न कभी होता ही है।”
हालांकि, राहुल गांधी ने इस पोस्ट पर बेहद हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर जवाब देते हुए लिखा, “मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन कृपया मेरे निवेशों पर रिटर्न में तेजी लाएं।”
राहुल गांधी के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दोनों के रिश्ते और इस संवाद की काफी चर्चा की। मुथुकृष्णन धंदापानी ने भी राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर खुशी जताई और कहा कि उन्हें यह जवाब पढ़कर अच्छा लगा।
इस पूरे घटनाक्रम को राजनीति से ऊपर उठकर पेशेवर संबंधों और व्यक्तिगत सम्मान की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे लोकतांत्रिक परिपक्वता और अलग विचारधाराओं के बावजूद संवाद बनाए रखने का उदाहरण बताया।