जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने आतंकियों को चार बार मदद दी थी और उनके साथ संपर्क में था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद यूसुफ कतारी (26) के रूप में हुई है, जो आतंकियों का ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में पता चला है कि कतारी ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों — सुलेमान उर्फ आसिफ, जिब्रान और हमजा अफगानी — से कई बार मुलाकात की थी। इतना ही नहीं, उसने उन्हें एक एंड्रॉयड मोबाइल चार्जर भी दिया था, जो आगे चलकर जांच में मुख्य सबूत बन गया।
अधिकारियों के अनुसार, कतारी को सितंबर के अंतिम सप्ताह में गिरफ्तार किया गया, जब पुलिस को जुलाई में चलाए गए ‘ऑपरेशन महादेव’ से अहम सुराग मिले। इस ऑपरेशन में पहलगाम हमले के तीनों मुख्य आरोपी आतंकियों को ज़बरवान रेंज में मुठभेड़ के दौरान ढेर किया गया था।
कटक में हिंसा के बाद 36 घंटे का कर्फ्यू, इंटरनेट सेवा बंद; सीएम मोहन माझी ने की शांति की अपील
पुलिस को घटनास्थल से एक आंशिक रूप से जला हुआ मोबाइल चार्जर मिला था। इसकी फॉरेंसिक जांच और खरीद-फरोख्त की जानकारी से पुलिस कतारी तक पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि वह घुमंतू समुदाय के बच्चों को पढ़ाने का काम करता था और इसी बहाने वह इलाके में आतंकियों के संपर्क में आता-जाता था।
कतारी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने आतंकियों को कठिन पहाड़ी रास्तों से गुजरने में मदद की और सामग्री सप्लाई भी की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वह आतंकियों के लिए स्थानीय गाइड और संपर्क सूत्र के रूप में काम करता था।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें कई पर्यटक भी शामिल थे। इस हमले का मास्टरमाइंड सुलेमान उर्फ आसिफ था, जिसे जुलाई में मार गिराया गया।
हालांकि पुलिस ने जांच जारी होने की वजह से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी कामयाबी है।
मध्य प्रदेश में जहरीले कफ सिरप से 14 बच्चों की मौत, सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार — जांच के लिए SIT गठित
सूत्रों के मुताबिक, मामला आगे चलकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपा जा सकता है। NIA पहले से ही पहलगाम हमले की साजिश की जांच कर रही है और अब तक दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्होंने आतंकियों को शरण और संसाधन उपलब्ध कराए थे।
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































