द देवरिया न्यूज़,देवरिया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत देवरिया में 161 जोड़ों का विवाह समारोहपूर्वक संपन्न कराया गया। यह भव्य आयोजन शहर के राजकीय आईटीआई एवं केंद्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस अवसर पर 154 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, जबकि 7 मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया। सजे-धजे मंडप, पारंपरिक संगीत और परिजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से इस योजना के तहत लगभग 200 आवेदन प्राप्त हुए थे। ऑनलाइन सत्यापन और पात्रता जांच के बाद 161 जोड़ों को विवाह के लिए चयनित किया गया। आयोजन स्थल पर सभी जोड़ों की बायोमेट्रिक जांच कराई गई, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
जांच पूरी होने के बाद दूल्हों को पारंपरिक टोपी और गमछा भेंट किया गया। इसके बाद हिंदू जोड़े मंडप में बैठकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार में शामिल हुए। मुस्लिम जोड़ों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी, जहां काजी ने निकाह की रस्म पूरी कराई।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
समारोह में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी देवरिया सदर, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि और अवधेश सिंह, देवरिया सदर प्रमुख पवन कुमार गुप्ता, नगर पंचायत बैतालपुर की चेयरमैन सरिता प्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी देवरिया सदर एवं बैतालपुर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश त्रिपाठी और अखिल भारतीय क्षेत्रीय महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश सिंह श्रीनेत समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने दिए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश
➤ You May Also Like




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































