द देवरिया न्यूज़,देवरिया : शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी की और अनैतिक देह व्यापार के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर सहित आसपास के कस्बों में संचालित कई स्पा सेंटरों के संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि देवरिया शहर के कुछ स्पा सेंटरों में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने भटवलिया और मेहड़ा पुरवा क्षेत्र स्थित कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ युवतियों और सात युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद चार लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि 11 लोगों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में तीन पुरुष और आठ युवतियां शामिल हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक विज्ञानकर सिंह की तहरीर पर कठिनइया स्थित रिलैक्स स्पा सेंटर और पूरवा स्थित हेवन स्पा सेंटर के संचालकों एवं कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का आरोप है कि इन स्पा सेंटरों में बाहर से युवतियों को बुलाकर मसाज की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा था। नामजद आरोपियों में अमरीन आबदीन (कोलकाता), पूजा कुमारी व अंशु (अंबेडकर नगर), सलोनी वर्मा (कुशीनगर), रमा दुबे (अयोध्या), नीतीश तिवारी, शिवम सिंह (कुशीनगर), पूजा सिंह (लखनऊ), मधु सिंह (देवरिया), गुड्डी (नई दिल्ली) और शाहिद अफरीदी (देवरिया) शामिल हैं।
कार्रवाई की सूचना फैलते ही शहर के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान तत्काल बंद कर दिए और फरार हो गए। यही स्थिति सलेमपुर, बरहज और भाटपाररानी क्षेत्रों में भी देखने को मिली, जहां संचालित कई स्पा सेंटर अचानक बंद मिले।
एडिशनल एसपी (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कम निवेश में अधिक मुनाफे के लालच में इस तरह के अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए पुलिस अब लाइसेंस, स्टाफ रिकॉर्ड और संचालन प्रक्रिया की भी जांच करेगी।
इस कार्रवाई के बाद देवरिया शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटर भी पुलिस के रडार पर आ गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी छापेमारी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहर में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगेगी और सामाजिक माहौल बेहतर होगा।
इसे भी पढ़ें : प्रेमी पर शादी से मुकरने का आरोप, न्याय न मिलने से युवती ने SP कार्यालय के पास खाया जहर
➤ You May Also Like
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































