Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

देवरिया : तरकुलवा में श्मशान घाट-छठ घाट मार्ग निर्माण पर फिर विवाद, प्रशासन ने फिलहाल रुकवाया काम

Published on: April 9, 2026
Deoria Cremation ground-Chhath in Tarkulwa
द  देवरिया न्यूज़,देवरिया/तरकुलवा : थाना क्षेत्र के बसंतपुर धूसी गांव में श्मशान घाट, छठ घाट और शिव मंदिर जाने वाले मार्ग के निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को वादी पक्ष ने रुकवा दिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है और उच्च स्तर पर विचार-विमर्श के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, बसंतपुर धूसी गांव में श्मशान घाट, छठ घाट और शिव मंदिर तक जाने वाले मार्ग के निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत की ओर से रास्ते का निर्माण कार्य कराया जा रहा था, तभी वादी पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक शुरू हो गई।
विवाद की सूचना मिलते ही नगर पंचायत चेयरमैन भी मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और तेज हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जा रहा था, जिससे किसी बड़े विवाद की आशंका बढ़ गई थी।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। कुछ देर बाद तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।
तहसीलदार ने बताया कि मामले को लेकर अंतिम निर्णय एसडीएम स्तर से लिया जाना है, लेकिन एसडीएम की अनुपस्थिति के कारण फिलहाल कोई आदेश जारी नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों से वार्ता के बाद ही निर्माण कार्य को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि यह विवाद नया नहीं है। कुछ माह पूर्व भी इसी रास्ते को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। छठ पर्व से ठीक दो दिन पहले सैकड़ों महिलाओं ने रास्ता बंद होने के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया था। उस समय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था और ग्रामीणों को रास्ता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था।
इसके बाद ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से भी मुलाकात की थी। प्रशासनिक पहल के बाद नगर पंचायत ने रास्ते के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई थी, लेकिन एक बार फिर निर्माण कार्य रुकने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से लोग श्मशान घाट, छठ घाट और शिव मंदिर तक पहुंचते हैं। ऐसे में बार-बार निर्माण कार्य बाधित होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
थाना प्रभारी संजय सिंह चंदेल ने बताया कि मामला प्रशासन के संज्ञान में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौके पर तैनात है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

इसे भी पढ़ें : देवरिया के सौम्य वत्सल मिश्र ने ISRO के अंतरराष्ट्रीय सेमिनार SMOPS-2026 में किया प्रतिनिधित्व

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Read Also

Leave a Reply