डीएम ने बताया कि इससे पहले 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। आज चौथे विशेष अभियान दिवस के तहत सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक बीएलओ रहेंगे मौजूद
विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची के साथ विभिन्न आवेदन प्रपत्र उपलब्ध रहेंगे।
इनमें प्रपत्र-6 (नया नाम जोड़ने के लिए), प्रपत्र-6ए (विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए), प्रपत्र-7 (नाम हटाने के लिए) और प्रपत्र-8 (नाम या विवरण में संशोधन के लिए) शामिल हैं। प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने और प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
अधिकारी करेंगे निगरानी, राजनीतिक दलों से भी सहयोग
डीएम ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य निर्वाचन अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से पूरी हो सके।
नागरिकों से नाम जांचने और आवेदन करने की अपील
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और उनका नाम सूची में नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर बीएलओ को जमा करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। यह अभियान जिले में अधिकतम पात्र नागरिकों को मतदान अधिकार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।