द देवरिया न्यूज़,तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तय डेडलाइन से पहले ही ईरान के रणनीतिक ऑयल हब खर्ग द्वीप पर हमला कर दिया। हालांकि, इस हमले में तेल भंडार को नुकसान नहीं पहुंचा, बल्कि सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने खर्ग द्वीप पर स्थित ईरानी सेना के बंकर, मिसाइल लॉन्चर और अन्य सैन्य ढांचे पर सटीक हमले किए। बताया जा रहा है कि इन हमलों का मकसद ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना था, न कि उसके तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाना।
खर्ग द्वीप के अलावा, अमेरिका और इजरायल ने ईरान के अन्य हिस्सों में भी रेलवे लाइन, पुल और कई अहम ठिकानों पर हमले किए हैं, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अब उसके सब्र की सीमा खत्म हो चुकी है। IRGC ने अमेरिका और उसके सहयोगियों को निशाना बनाते हुए कहा कि यदि हालात ऐसे ही रहे, तो उनके बुनियादी ढांचे पर ऐसे हमले किए जाएंगे कि वे लंबे समय तक तेल और गैस संसाधनों से वंचित हो सकते हैं।
ईरान ने यह भी कहा कि उसने अब तक पड़ोसी देशों के प्रति संयम बरता, लेकिन अब स्थिति बदल सकती है।
इस घटनाक्रम के बीच अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता पर भी खतरा मंडराने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात नहीं संभले, तो यह टकराव बड़े क्षेत्रीय संकट में बदल सकता है।
गौरतलब है कि पिछले महीने भी अमेरिका ने खर्ग द्वीप पर हमला किया था, जिसमें कई सैन्य ठिकाने तबाह हुए थे, लेकिन तेल से जुड़े ढांचे को नुकसान से बचाया गया था।
इसे भी पढ़ें : होर्मुज स्ट्रेट पर टकराव गहराया: ईरान ने अस्थायी समझौते से किया इनकार, अमेरिका की सख्त चेतावनी
➤ You May Also Like




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































