अपने संबोधन में कृषि मंत्री शाही ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया और कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव है।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को कुल सात सत्रों में विभाजित किया गया था। हर सत्र में अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। दूसरे दिन की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ नगर पंचायत क्षेत्र के मछैला स्थित शिव मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, विधानसभा प्रभारी अवधेश सिंह, हेमंत पाठक और मंडल अध्यक्ष हरीश शाही ‘जीपू’ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। चौथे सत्र में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय बहादुर दुबे ने संगठन विस्तार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस सत्र की अध्यक्षता रामायण साहनी ने की, जबकि संचालन डॉ. विंध्याचल मद्धेशिया ने किया।
पांचवें सत्र में कृष्णनाथ राय ने बूथ प्रबंधन की बारीकियों को समझाया और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने की सीख दी। इस सत्र की अध्यक्षता पूनम देवी और ममता राजभर ने संयुक्त रूप से की।
छठे सत्र में आईटी संयोजक शिवेश पांडेय ने आधुनिक तकनीक, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए संगठन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इस सत्र की अध्यक्षता विनोद सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री विवेक दत्त राय ने किया।
सातवें और अंतिम सत्र में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार की रात प्रशिक्षण स्थल पर ही कार्यकर्ताओं के साथ रात्रि विश्राम किया। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गीत-संगीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नथुनी सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन संजीत धर द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, चेयरमैन कमलेश सिंह ‘क्रांति’, संजय सिंह, श्रीनिवास मणि, महीवाल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।