द देवरिया न्यूज़,मथुरा : मथुरा के शेरगढ़ क्षेत्र से 9 फरवरी को दिनदहाड़े अगवा किए गए पोस्टमास्टर रामवीर सिंह (23) की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम हरियाणा के पलवल से एक अधजला शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हालांकि मृतक की पत्नी ने शव की शिनाख्त करने से इनकार किया है। पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है।
कोसीकलां (राजस्थान सीमा) के गांव कामर निवासी रामवीर सिंह शेरगढ़ के गांव अगरयाला डाकघर में तैनात थे। 9 फरवरी की सुबह वह बाइक से डाकघर जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे बंबे के पास काली टाटा पंच कार सवार बदमाशों ने कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया। उनकी बाइक मौके के पास मिली थी। सूचना पर एसओजी और पुलिस की टीमें जांच में जुट गई थीं।
एसपी देहात सुरेशचंद्र रावत के अनुसार, अपहरण में प्रयुक्त वाहन को ट्रेस करते हुए पुलिस होडल तक पहुंची। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश पलवल तक बढ़ाई गई, जहां अधजला शव मिला। शव की पहचान छिपाने के प्रयास के संकेत मिले हैं। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, आवश्यकता होने पर डीएनए जांच भी कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों से गोली मारकर हत्या की आशंका है। टोल प्लाजा के सीसीटीवी से भी सुराग मिले हैं।
मृतक की पत्नी सोनम ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं है कि बरामद शव उनके पति का है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि डीएनए परीक्षण के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच में रंजिश का एंगल सामने आया है। एसपीआरए के मुताबिक, रामवीर का पहले होडल में कार्यकाल रहा था। उस दौरान एक युवक से विवाद हुआ था, जिससे रंजिश की बात सामने आई है। हत्याकांड में भारत तेवतिया नामक व्यक्ति की तलाश की जा रही है। अपहरण में प्रयुक्त काली कार घटना से कुछ दिन पहले खरीदी गई बताई जा रही है। दो संदिग्धों को चिह्नित किया गया है, जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। उधर, पत्नी सोनम ने भावुक अपील करते हुए न्याय की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : बेंगलुरु के पास भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार SUV की टक्कर में 7 लोगों की मौत
➤ You May Also Like
















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































