द देवरिया न्यूज़,खुखुंदू (देवरिया) : थाना क्षेत्र के मगहरा चौराहे पर रविवार भोर में पिकअप और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और उस पर सवार महिला पिकअप में फंस गईं और वाहन करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए बिजली के पोल और पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे बाइक सवार महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बरहज थाना क्षेत्र के अमांव गांव निवासी गिरिजा शंकर मिश्र, जो सलेमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं, रविवार तड़के महाशिवरात्रि के अवसर पर अपनी पत्नी रेनू मिश्रा (48 वर्ष) के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। मुसैला-मईल मार्ग पर मगहरा चौराहे के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान रेनू मिश्रा और बाइक पिकअप में फंस गईं, जबकि गिरिजा शंकर सड़क किनारे जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, जिससे फंसी महिला और बाइक करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गईं। इसके बाद पिकअप बिजली का पोल तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर रुक गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
आसपास के लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप में करंट उतरने की आशंका से लोग पीछे हट गए। देखते ही देखते रेनू मिश्रा आग की लपटों में घिर गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना पर सीओ सलेमपुर मनोज कुमार और एसओ दिनेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से पिकअप में फंसे आधे से अधिक जले शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घायल गिरिजा शंकर मिश्र को मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सीओ सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : गिरवी रखे जेवर हड़पने का आरोप, सराफा व्यापारी समेत चार पर मुकदमा दर्ज
➤ You May Also Like

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































