Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

देवरिया मेडिकल कॉलेज में पानी की टंकी में मिला शव: जांच में तीन स्वास्थ्यकर्मी रडार पर, मुंबई से लेकर देवरिया तक पुलिस जोड़ रही कड़ियां

Published on: October 12, 2025
Water in Deoria Medical College

द देवरिया न्यूज़ ,देवरिया। मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी में मिले 61 वर्षीय अशोक गवांडे के शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को पूरे दिन एसओजी टीम मेडिकल कॉलेज चौकी में डटी रही और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का मिलान किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के कई रिकॉर्ड खंगाले गए। सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में तीन स्वास्थ्यकर्मी पुलिस के रडार पर हैं, जिन पर वारदात में शामिल होने का संदेह गहराता जा रहा है।

महाराष्ट्र के अंबरनाथ (थाणे) निवासी अशोक गवांडे का शव 6 अक्तूबर को मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी में मिला था। टंकी के पास से पुलिस ने एक बेडशीट और नीले रंग की शर्ट बरामद की थी। तीन दिन बाद शव की शिनाख्त तो हो गई, लेकिन मौत का रहस्य अब भी बना हुआ है।

कोतवाली पुलिस की एक टीम वर्तमान में मुंबई में तैनात है, जो अशोक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के पास जो भी नए क्लू आ रहे हैं, उन्हें मुंबई भेजा जा रहा है ताकि तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक 13 साल बाद अपने ससुराल गोरखपुर आए थे। वहां वे मात्र 20 मिनट रुके और बिना कुछ खाए-पिए 1200 रुपये लेकर चले गए। यह व्यवहार पुलिस के लिए सवालों के घेरे में है। पुलिस का मानना है कि वारदात की कड़ी मेडिकल कॉलेज की ओपीडी बिल्डिंग से जुड़ी हो सकती है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि अशोक के भर्ती और इलाज से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित हैं, लेकिन मौखिक मांग पर उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया। पुलिस लिखित रूप में अभिलेख मांगेगी, ताकि पूरी जानकारी हासिल की जा सके। अब तक 50 से अधिक मोबाइल नंबरों की निगरानी की जा रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, अशोक की मौत दम घुटने से हुई। हालांकि, जांच को और मजबूत बनाने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसे किसी जहरीले पदार्थ से तो नहीं मारा गया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि अशोक के पेट में भोजन का कोई अंश नहीं था, जिससे संकेत मिलता है कि उन्होंने लंबे समय से कुछ नहीं खाया था।
सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने बताया कि मामला जटिल है, इसलिए बिसरा की जांच जरूरी है ताकि हर संभावना को परखा जा सके।


बिजली कटने से खुला राज़

जांच में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि बारिश और तेज हवा के कारण मेडिकल कॉलेज की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। आमतौर पर रोज सुबह टंकी में पानी भरा जाता था, लेकिन उस दिन ऐसा नहीं हुआ। पानी का स्तर घट जाने से शव टंकी की पाइप के सामने आकर फंस गया। इसी वजह से पानी का फ्लो धीमा हुआ और दुर्गंध फैलने पर मामला उजागर हो गया। पुलिस का मानना है कि अगर उस दिन बिजली बंद नहीं होती, तो शव और भी दिनों तक छिपा रह सकता था।


पुलिस का दावा: जल्द होगा रहस्य का खुलासा

सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि शव की पहचान के बाद कई नए साक्ष्य मिले हैं। ससुराल पक्ष से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अशोक के मुंबई से गोरखपुर और देवरिया तक के सफर की हर कड़ी को जोड़ रही है। जल्द ही इस रहस्यमयी वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।


इसे भी पढ़ें : देवरिया में समाधान दिवस: 109 शिकायतें दर्ज, 17 मामलों का हुआ मौके पर निस्तारण

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “देवरिया मेडिकल कॉलेज में पानी की टंकी में मिला शव: जांच में तीन स्वास्थ्यकर्मी रडार पर, मुंबई से लेकर देवरिया तक पुलिस जोड़ रही कड़ियां”

Leave a Reply