द देवरिया न्यूज़,कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक वकील पर फर्जी जज बनकर महिलाओं से शादी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने का आरोप है। आरोपी वकील का नाम विष्णु शंकर गुप्ता है, जिसके खिलाफ अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। विष्णु पर कानपुर के कर्नलगंज, नवाबगंज, कोतवाली, ग्वालटोली और फजलगंज थानों में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी उसके खिलाफ केस दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, विष्णु शंकर गुप्ता ने मेट्रीमोनियल साइट पर खुद को “जज अंशुमन विक्रम सिंह” बताकर लखनऊ की रहने वाली एक नर्सिंग अफसर युवती से संपर्क किया। उसने खुद को वाराणसी निवासी और सीतापुर में तैनात सिविल जज बताया। भरोसा जीतने के लिए उसने युवती के पिता से भी संपर्क किया और इसके बाद युवती से नियमित बातचीत शुरू कर दी।
धीरे-धीरे युवती को अपने जाल में फंसाने के बाद विष्णु ने ठगी का खेल शुरू किया। 4 अगस्त 2025 को उसने युवती से उसकी बैंक जमा पूंजी के 14 लाख रुपये निकलवा लिए। इसके बाद उसने सीमांत अग्रवाल नाम के युवक को युवती के लखनऊ स्थित घर भेजकर चार अलग-अलग बैंकों से लोन करवाया। इनमें एचडीएफसी बैंक से 17.37 लाख रुपये और आईसीआईसीआई बैंक की विभिन्न शाखाओं से करीब 27 लाख रुपये का लोन शामिल है। इस तरह कुल 44.54 लाख रुपये की ठगी की गई।
7 सितंबर 2025 को आरोपी ने युवती को कानपुर के रेवश्री इलाके में बुलाया, वहां उससे पूरी रकम ली और फिर फरार हो गया। ठगी का अहसास होने पर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं।
जांच के दौरान लखनऊ की ही एक अन्य युवती सामने आई, जिसने आरोप लगाया कि विष्णु शंकर गुप्ता ने उसे भी शादी का झांसा देकर करीब 35 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में ग्वालटोली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इतना ही नहीं, आरोपी वकील पर अदालत से फाइल चोरी करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप है, जिसको लेकर कोतवाली थाने में अलग केस दर्ज है। कर्नलगंज थाना प्रभारी विनीत चौधरी ने बताया कि विष्णु शंकर गुप्ता और उसकी पत्नी आयुषी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने की संस्तुति कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर की अनुमति के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसे भी पढ़ें : आतंक से जूझता पाकिस्तान, लेकिन मिडिल ईस्ट को ‘सुरक्षा गारंटी’ बेचने में जुटी असीम मुनीर की सेना
➤ You May Also Like





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































