Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

भारतीय सेना ने बदली सोशल मीडिया नीति, जवानों को ‘व्यू-ओनली’ मोड में इंस्टाग्राम की अनुमति

Published on: December 26, 2025
Indian Army changed social media
द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : भारतीय सेना ने अपनी सोशल मीडिया नीति में एक अहम बदलाव करते हुए अब सैन्यकर्मियों को इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है। हालांकि यह अनुमति सीमित है। सेना के जवान और अधिकारी इंस्टाग्राम का उपयोग केवल ‘व्यू-ऑनली’ मोड में कर सकेंगे। वे न तो कोई पोस्ट कर पाएंगे, न ही लाइक, कमेंट या फॉलो जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य जवानों की डिजिटल जागरूकता बढ़ाना और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक या फर्जी जानकारियों पर निगरानी रखना है। सेना ने इस व्यवस्था को ‘निष्क्रिय भागीदारी’ (Passive Participation) का नाम दिया है, जिसमें केवल कंटेंट देखने की अनुमति होगी।

सेना को उम्मीद है कि इससे जवान संदिग्ध या गलत सूचनाओं की पहचान कर उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे, जिससे सूचना सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा। इसी तरह की ‘निष्क्रिय उपयोग’ की अनुमति यूट्यूब और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म्स के लिए भी लागू है।

गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों से भारतीय सेना लंबे समय से सोशल मीडिया को लेकर सख्त रही है। वर्ष 2019 तक जवानों को किसी भी सोशल मीडिया ग्रुप का हिस्सा बनने की अनुमति नहीं थी। इसके बाद 2020 में नियम और कड़े करते हुए 89 मोबाइल ऐप हटाने के निर्देश दिए गए थे।

हालांकि, सख्त निगरानी और दिशा-निर्देशों के साथ सेना ने फेसबुक, यूट्यूब, एक्स, लिंक्डइन, टेलीग्राम और व्हाट्सऐप जैसे कुछ प्लेटफॉर्म्स के सीमित उपयोग की अनुमति पहले से दे रखी है। नया फैसला भी इसी संतुलन की कड़ी माना जा रहा है, जिसमें सुरक्षा के साथ-साथ सूचना जागरूकता पर जोर दिया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply