द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। फिलहाल विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
जानकारी के मुताबिक, पहला धमकी भरा कॉल सुबह 9:13 बजे झंडेवालान स्थित बीडी तमिल एजुकेशन स्कूल में आया। इसके बाद अन्य स्कूलों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ले रही हैं और एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले, 9 फरवरी को भी दिल्ली के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच धमकी भरे कॉल किए गए थे। सूचना के बाद पुलिस, फायर सर्विस और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, पिछली घटना में दक्षिणी दिल्ली के तीन स्कूल भी धमकी की जद में थे। सुरक्षा के मद्देनजर कई स्कूलों से छात्रों को एहतियातन घर भेज दिया गया था।
इसी तरह 11 फरवरी को चंडीगढ़ और पंजाब के मोहाली जिले के 10 स्कूलों को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। वहां भी सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक जांच की और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले में भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साइबर टीम कॉल की लोकेशन और स्रोत का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: डुमरी गांव में पेड़ से लटका मिला 72 वर्षीय वृद्ध का शव, पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए
➤ You May Also Like












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































