द देवरिया न्यूज़ : दुनिया की अग्रणी स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स ने देर रात अपने 300 मिलियन से अधिक वैश्विक यूजर्स को एक महत्वपूर्ण ईमेल भेजकर आश्वस्त किया कि फिलहाल उनकी स्ट्रीमिंग अनुभव में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है। यह ईमेल नेटफ्लिक्स द्वारा वॉर्नर ब्रोस की 6.47 लाख करोड़ रुपये की ऐतिहासिक खरीद के बाद भेजा गया, जिसमें एचबीओ, एचबीओ मैक्स और वॉर्नर ब्रोस स्टूडियो जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। इस सौदे ने मनोरंजन उद्योग में व्यापक चर्चा छेड़ दी है।
सब्सक्राइबर्स को बड़ा आश्वासन
ईमेल में नेटफ्लिक्स ने स्पष्ट किया कि अभी नेटफ्लिक्स और वॉर्नर ब्रोस दोनों सेवाएं अलग-अलग ही संचालित होंगी। सौदे को पूरी तरह पूरा होने में 12 से 18 महीनों का समय लग सकता है, क्योंकि इसके लिए नियामक एजेंसियों और शेयरधारकों की मंजूरी अभी बाकी है। कंपनी ने यह भी कहा कि किसी भी तरह के बदलाव, प्लान में परिवर्तन या कंटेंट ट्रांसफर की जानकारी समय आने पर ही दी जाएगी। नेटफ्लिक्स के हेल्प सेंटर पर जारी अपडेट में कहा गया कि सब्सक्रिप्शन प्लान पहले की तरह जारी रहेंगे और वॉर्नर ब्रोस का कंटेंट तुरंत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं होगा।
डील पर उठ रहे सवाल और आलोचनाएं
इस अधिग्रहण को लेकर कई राजनीतिक चेहरों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी सेनेटर एलिजाबेथ वॉरेन ने इसे एंटी-मोनोपॉली खतरा बताया, जबकि प्रतिनिधि प्रमिला जयपाल ने चेतावनी दी कि इससे कीमतें और विज्ञापन बढ़ सकते हैं तथा कंटेंट की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। रिपब्लिकन नेता माइक ली ने इसे वैश्विक एंटी-ट्रस्ट एजेंसियों के लिए चेतावनी करार दिया।
भारत में भी यह डील मल्टीप्लेक्स मालिकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
नेटफ्लिक्स ने किया दावा—यह सौदा साबित होगा गेमचेंजर
डील की घोषणा के बाद नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सरांडोस ने निवेशकों से कहा कि यह साझेदारी उद्योग के लिए “प्रो-कंज्यूमर, प्रो-क्रिएटर और प्रो-इनोवेशन” साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि दोनों कंपनियों के एकजुट होने से वैश्विक मनोरंजन जगत में नए और बेहतरीन अनुभव उपलब्ध होंगे।
यदि डील को मंजूरी मिलती है, तो नेटफ्लिक्स के पास हैरी पॉटर, गेम ऑफ थ्रॉन्स और फ्रेंड्स जैसी दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी होंगी। हालांकि इन बदलावों का प्रभाव 2026 के अंत से पहले देखने की संभावना कम है।
नेटफ्लिक्स का संदेश—फिलहाल सब कुछ पहले जैसा
कंपनी ने कहा कि दोनों प्लेटफॉर्म मौजूदा फॉर्मेट में काम करते रहेंगे और यूजर्स अपने वर्तमान प्लान में सभी कंटेंट का आनंद पहले की तरह ले सकेंगे। नेटफ्लिक्स ने यह भी कहा कि आने वाले समय में वह फिल्मों, सीरीज, गेम्स और लाइव कंटेंट के नए और बेहतर विकल्प लाने की दिशा में काम जारी रखेगा।
इसे भी पढ़ें : वांगचुक के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी की मांग पर केंद्र की आपत्ति, सुप्रीम कोर्ट में 15 दिसंबर को अगली सुनवाई
➤ You May Also Like






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































